वेस्ट यूपी की 71 सीटों पर बीजेपी का मिशन 2027
मेरठ-सहारनपुर में नितिन नवीन करेंगे संगठन की जमीनी पड़ताल
मेरठ, 17 सितंबर 2026 । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बीजेपी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर विशेष फोकस बढ़ाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मेरठ और सहारनपुर के दौरे के दौरान संगठन की जमीनी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। पश्चिमी यूपी में संगठनात्मक तौर पर 14 जिले और 71 विधानसभा सीटें आती हैं, इसलिए इस क्षेत्र को बीजेपी की चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नितिन नवीन के दौरे में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर पर संगठन की स्थिति की जानकारी लेने के साथ स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने पर जोर रहेगा। पार्टी के स्तर पर 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों में कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों की भी समीक्षा की जा रही है।
भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक लिहाज से वेस्ट यूपी में 14 जिले आते हैं। इनमें 71 विधानसभा सीट हैं। यूपी में भले ही 2022 में बीजेपी की सरकार दूसरी बार बन गई हो, लेकिन इन 71 सीटों पर सपा और आरएलडी की दोस्ती से खासा नुकसान बीजेपी को हुआ था। 2017 में एक सीट जीतने वाली आरएलडी ने 2024 में सपा के साथ मिलकर आठ सीट जीती थी। एक सीट बाद में उपचुनाव में जीतकर संख्या नौ कर ली थी। इसी तरह सपा ने भी बीजेपी से कई सीटे झटक ली थी। मेरठ जिले की ही में ही तीन सीट सपा ने जीत ली थी। मुरादाबाद मंडल में तो ज्यादातर सीटों पर सपा को कब्जा हो गया था। इसलिए 2027 में बीजेपी का मसकद इस सियासी नुकसान को होने से रोकना हैं। इसके पीछे बीजेपी का तर्क है कि इस बार आरएलडी भी हमारे साथ है। तब विरोधी दलों को आसानी से पटखनी दी जा सकती हैं।
सहारनपुर में शक्ति केंद्र संयोजकों का सम्मेलन
सहारनपुर में 20 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र संयोजकों का सम्मेलन प्रस्तावित है। इसमें नितिन नवीन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। रिपोर्टों के मुताबिक, पश्चिमी यूपी में करीब 4,800 शक्ति केंद्र हैं। एक शक्ति केंद्र में सामान्य तौर पर छह से आठ बूथों को जोड़ा गया है और इसका संयोजक बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस सम्मेलन के जरिए बीजेपी बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, मतदाता संपर्क और पार्टी कार्यक्रमों की स्थिति का फीडबैक लेने की तैयारी में है। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों और संगठनात्मक कमियों पर भी चर्चा हो सकती है।
मेरठ से चुनावी तैयारियों को गति देने की तैयारी
मेरठ भी नितिन नवीन के दौरे का महत्वपूर्ण केंद्र रहेगा। बीजेपी के लिए पश्चिमी यूपी में मेरठ और सहारनपुर लंबे समय से चुनावी गतिविधियों के प्रमुख केंद्र रहे हैं। पार्टी के मुताबिक, क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों को समय रहते जमीन पर उतारने की कोशिश की जा रही है।
बीजेपी नेतृत्व के दौरे के दौरान स्थानीय नेताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठकें होंगी। बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठनात्मक समन्वय और क्षेत्रवार फीडबैक जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
2027 के लिए अभी से संगठन पर जोर
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन बीजेपी समेत सभी प्रमुख दलों की संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो रही हैं। बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर संगठन की स्थिति का आकलन कर रहा है। पश्चिमी यूपी के बाद पार्टी के अन्य क्षेत्रों में भी संगठनात्मक तैयारियों और पिछले चुनावों के प्रदर्शन की समीक्षा की जा रही है।
इस पूरे अभियान में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखना, स्थानीय मुद्दों की जानकारी जुटाना और चुनावी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना प्रमुख बिंदु हैं। मेरठ और सहारनपुर में होने वाली बैठकों से पश्चिमी यूपी में बीजेपी की आगामी संगठनात्मक रणनीति के कई पहलू सामने आ सकते हैं।