गृह मंत्रालय के इनपुट पर सोनभद्र में बड़ा एक्शन, इंस्टाग्राम पर बाल अश्लील सामग्री फैलाने के आरोप में 2 गिरफ्तार
सोनभद्र , 22 मई 2026 । गृह मंत्रालय से मिले इनपुट के आधार पर सोनभद्र में पुलिस और साइबर टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए बाल यौन शोषण से जुड़ी अश्लील सामग्री साझा कर रहे थे और व्यूज तथा पैसों के लिए अवैध गतिविधियों में शामिल थे।
यह गिरफ्तारी केंद्रीय गृह मंत्रालय के चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर निगाह रखने वाले टीम के निर्देश पर हुई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि गृह मंत्रालय भारत सरकार के एन सी एम ई सी व अश्लील व बाल यौन शोषण विडियो (चाइल्ड पोर्नोग्राफी ) पर निगाह रखने वाले टीम ने सूचना दी कि सोनभद्र जिले से 2 लोगों द्वारा सोशल मीडिया एवं इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर अश्लील/चाइल्ड पोर्नोग्राफिक सामग्री अपलोड किया जा रहा है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों ने सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से आपत्तिजनक कंटेंट अपलोड और प्रसारित किया था। गृह मंत्रालय की साइबर मॉनिटरिंग इकाइयों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और साइबर सेल को अलर्ट भेजा गया, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और डिजिटल उपकरण जब्त कर लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में कई सोशल मीडिया अकाउंट्स और संदिग्ध डिजिटल डेटा मिलने की बात सामने आई है। अब फॉरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री का निर्माण, प्रसारण और संग्रहण भारतीय कानून के तहत गंभीर अपराध है। मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों पर नजर रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। सरकार और जांच एजेंसियां लगातार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की निगरानी बढ़ा रही हैं ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध या अवैध सामग्री की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस को दें। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।