रेलवे इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण: जम्मू मण्डल का क्षतिग्रस्त पुल संख्या-17 रिकॉर्ड समय में पुनर्स्थापित
नई दिल्ली,
दिनाँक 15.05.2026
उत्तर रेलवे ने पुल संख्या-17 की बहाली का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह पुल जम्मू मण्डल में कठुआ (जम्मू और कश्मीर) और माधोपुर (पंजाब) सेक्शन के बीच रावी नदी पर स्थित एक महत्वपूर्ण रेलवे पुल है।
वर्ष 2025 में आई भीषण बाढ़ और भारी बारिश के दौरान इस पुल को भारी नुकसान पहुंचा था। शुरू में यह अनुमान लगाया गया था कि इस क्षतिग्रस्त पुल की बहाली में, जिसमें 45 मीटर स्पैन वाले नॉन-स्टैंडर्ड गर्डर डिज़ाइन का इस्तेमाल किया गया था, लगभग दो साल का समय लग सकता है। हालांकि, रेलवे के इंजीनियरों की समर्पित टीम द्वारा अपनाए गए अभिनव इंजीनियरिंग समाधानों, बारीकी से की गई योजना और निरंतर प्रयासों की बदौलत, बहाली का यह काम लगभग आठ महीनों में ही पूरा कर लिया गया है।

श्री राजेश कुमार पांडे, महाप्रबंधक उत्तर रेलवे ने बताया कि पुल संख्या-17 की सफल बहाली के साथ ही, जम्मू और कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में आई अभूतपूर्व बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुए सभी पांच प्रमुख रेलवे पुल अब पूरी तरह से बहाल हो चुके हैं।इस महत्वपूर्ण पुल की बहाली से जम्मू मण्डल के साथ-साथ पूरे उत्तर रेलवे में ट्रेनों के परिचालन की दक्षता और समय की पाबंदी में काफी सुधार होगा। यह उपलब्धि रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, तकनीकी विशेषज्ञता और समन्वित प्रयासों को दर्शाती है, जिन्होंने इस क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए अथक परिश्रम किया।
उत्तर रेलवे अपने यात्रियों को सुरक्षित, कुशल और विश्वसनीय रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
——
(हिमांशु शेखर उपाध्याय)
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी