गौतमबुद्धनगर में ‘आनंदमठ’ महानाट्य का भव्य मंचन, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रचेतना की दिखी झलक

भारतेन्दु नाट्य अकादमी लखनऊ की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, आधुनिक तकनीक और उत्कृष्ट अभिनय ने जीवंत की बंकिमचंद्र की कालजयी कृति।

0

गौतमबुद्धनगर, 21 नवम्बर 2026 | उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की घोषणा के क्रम में भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ द्वारा निर्मित भव्य महानाट्य ‘आनंदमठ’ का मंचन गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार संख्या-1 में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व निदेशक, भारतेन्दु नाट्य अकादमी दिनेश खन्ना, परियोजना निदेशक नेहा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर एवं डीन स्टूडेंट अफेयर्स, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय डॉ. सुशील कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

महान साहित्यकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की कालजयी कृति ‘आनंदमठ’ त्याग, समर्पण, आत्मसम्मान, संगठन और मातृभूमि के प्रति अटूट निष्ठा का संदेश देती है। इस महानाट्य के माध्यम से साहित्य की इस अमूल्य विरासत को आधुनिक रंगमंचीय तकनीक और सशक्त अभिनय के साथ जीवंत स्वरूप में प्रस्तुत किया गया। भव्य मंच-सज्जा, विराट दृश्य परिकल्पना, ओजस्वी संवाद, संगीत, प्रकाश एवं ध्वनि संयोजन ने दर्शकों को एक अद्भुत रंगमंचीय अनुभव प्रदान किया।
प्रस्तुति में पारंपरिक रंगमंचीय तत्वों के साथ आधुनिक तकनीक का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला। मंच-सज्जा, वेशभूषा, रूप-सज्जा, संगीत, प्रकाश एवं ध्वनि के प्रभावी संयोजन ने ऐतिहासिक घटनाओं को सजीव स्वरूप प्रदान किया। कलाकारों की उत्कृष्ट अभिनय क्षमता, सामूहिक अनुशासन और जीवंत ऊर्जा ने पूरे सभागार को भावनात्मक एवं सांस्कृतिक अनुभूति से जोड़ दिया।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ के इस रचनात्मक प्रयास की सराहना की। उन्होंने भारतीय इतिहास, साहित्य, संस्कृति एवं रंगमंच की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में अतिथियों की सहभागिता ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

इस भव्य महानाट्य में कलाकारों, निर्देशकीय टीम, संगीत एवं प्रकाश विभाग, मंच-सज्जा, वेशभूषा, रूप-सज्जा तथा समस्त तकनीकी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी कलाकारों एवं सहयोगियों के अथक परिश्रम, अनुशासन और सामूहिक समर्पण से यह प्रस्तुति यादगार बनी।
भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रोत्साहन प्रदान करने हेतु माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करती है।

‘आनंदमठ’ का यह भव्य मंचन भारतीय इतिहास की गौरवगाथा, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रचेतना को रंगमंच के माध्यम से अभिव्यक्त करने वाला एक अविस्मरणीय आयोजन रहा। यह प्रस्तुति केवल देखी जाने वाली कलाकृति नहीं, बल्कि अपनी संवेदना, ऊर्जा और राष्ट्रभाव के साथ अनुभव की जाने वाली एक सशक्त सांस्कृतिक अभिव्यक्ति बनी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.