देहरादून, 07 नवंबर 2026 | उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देहरादून में चुनावी अभियान का संदेश देते हुए पार्टी के सामने 70 विधानसभा सीटों में से 65 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार तीसरी बार राज्य में भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।
अमित शाह ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में होती है तो वह मुस्लिम यूनिवर्सिटी की वकालत करती है, जबकि भाजपा अवैध मजारों और मदरसा अतिक्रमणों को हटाकर सरकारी जमीनों को मुक्त करा रही है।
राहुल गांधी के पर्यटन से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला
शुक्रवार को देहरादून में अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने उत्तराखंड की रचना को रोकने का काम किया था। उसने वर्षों तक मनी ऑर्डर, इकनॉमी, पलायन के भरोसे उत्तराखंड को छोड़ा। साथ ही यह भी कहा कि कांग्रेस ने पहाड़ का पानी, पहाड़ की जवानी, कभी पहाड़ के काम न आए ऐसी नीतियां बनाई थी। उत्तराखंड स्थापना दिवस को लेकर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में शाह ने कहा राहुल गांधी के पर्यटन से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
हल्द्वानी में 29 एकड़ भूमि से अतिक्रमण हटाने के आदेश का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जब यह कार्रवाई हुई तो राहुल गांधी नाराज हो गए थे। शाह ने निशाना साधते हुए कहा, राहुल जी, राज्य में आपके पर्यटन के प्रयासों से कुछ नहीं होगा, क्योंकि भाजपा के हजारों कार्यकर्ता पूरे राज्य में स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मोदी और धामी सरकारें मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि उत्तराखंड का विकास न रुके।