गाजियाबाद , 31 अक्टूबर 2026 | जेडीयू से निष्कासन और सुप्रीम कोर्ट के सरेंडर आदेश के बाद अनंत सिंह की RJD में वापसी की अटकलें तेज, तेजस्वी यादव ने साफ कहा- पार्टी की ओर से कोई ऑफर नहीं
बिहार की राजनीति में मोकामा विधायक अनंत सिंह को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने और दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से झटका मिलने के बाद उनके राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में लौटने की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इन चर्चाओं पर साफ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह को पार्टी में वापस लेने के लिए उनकी ओर से कोई प्रस्ताव नहीं है।
अनंत सिंह के आरजेडी में नो एंट्री!
इस मामले पर तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि उनकी यानी अनंत सिंह की राजद में उनकी एंट्री नहीं है। दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव से जब मीडिया ने सवाल किया कि अनंत सिंह राजद के साथ भी रहे हैं तो क्या भविष्य में वे दोबारा आ सकते हैं, मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी ओर से कोई प्रस्ताव नहीं है। दूसरी ओर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनंत सिंह को सरेंडर करने के लिए 1 दिसंबर तक का समय दिए जाने पर कहा कि जहां तक अनंत सिंह की बात है, चाहे उनकी पत्नी हों या वे खुद, वे हमेशा यही आरोप लगाते थे कि सरकार ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाया है। जब अनंत सिंह ने हमें धोखा दिया और वापस सरकार के पाले में चले गए, तब उन्हें यही सरकार अच्छी लगने लगी।
JDU ने अनंत सिंह को 6 साल के लिए किया निष्कासित
अनंत सिंह को 24 अक्टूबर 2026 को जेडीयू से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। उनकी पत्नी नीलम देवी को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया। यह कार्रवाई विधान परिषद चुनाव के दौरान पार्टी के निर्देशों के खिलाफ गतिविधियों के आरोपों के बाद की गई।
अनंत सिंह पर आरोप था कि उन्होंने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था। इस घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें शुरू हो गईं।
सुप्रीम कोर्ट ने 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का दिया आदेश
अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से भी बड़ा झटका लगा है। अदालत ने पटना हाईकोर्ट से मिली उनकी जमानत रद्द कर दी है और उन्हें 1 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस को मामले की जांच चार महीने के भीतर पूरी करने का भी आदेश दिया है। इस फैसले के बाद अनंत सिंह की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि, मामले में उनके खिलाफ आरोपों पर अंतिम फैसला अभी होना बाकी है।
तेजस्वी ने नीरज कुमार पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने इस पूरे घटनाक्रम पर जेडीयू नेता नीरज कुमार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अनंत सिंह और नीलम देवी जेडीयू में थे, तब उनके खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठाई गई? तेजस्वी ने कहा कि जब राजनीतिक समीकरण बदले और अपने हितों की बात आई, तब नीरज कुमार ने अनंत सिंह के खिलाफ याचिका दायर की।
उन्होंने अनंत सिंह के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले वे सरकार पर झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाते थे, लेकिन जब सरकार के साथ थे तो उनका रुख अलग था।
फिलहाल RJD में वापसी का रास्ता साफ नहीं
अनंत सिंह की जेडीयू से विदाई और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चा जरूर है, लेकिन तेजस्वी यादव के बयान ने राजद में वापसी की अटकलों को फिलहाल विराम दे दिया है। अब अनंत सिंह की कानूनी स्थिति और उनके भविष्य के राजनीतिक फैसले पर सबकी नजर रहेगी।