PM मोदी ने ₹16,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा की

31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़ी परियोजनाओं में समयबद्ध काम और बेहतर समन्वय पर जोर

0

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर 2026| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को प्रगति (PRAGATI) प्लेटफॉर्म की 54वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने रेलवे, पीएम एकता मॉल और बल्क ड्रग पार्क से जुड़ी 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की। ये परियोजनाएं 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित हैं।

बैठक में प्रधानमंत्री ने परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, विभिन्न सरकारी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और काम में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने पर जोर दिया।

पीएम एकता मॉल को लेकर उन्होंने कहा कि इन्हें स्थानीय उत्पादों और कारीगरों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मददगार बनाया जाना चाहिए। साथ ही, इन्हें पर्यटन और स्थानीय कारोबार से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

आंध्र प्रदेश, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बल्क ड्रग पार्क की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने दवाओं में इस्तेमाल होने वाले सक्रिय औषधीय घटकों (API) और जरूरी कच्चे माल के घरेलू उत्पादन को प्राथमिकता देने की बात कही।

रेलवे क्षेत्र में अहमदाबाद स्टेशन के पुनर्विकास की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक परिवहन केंद्रों के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

इसके अलावा, उन्होंने मुख्य सचिवों को जिलाधिकारियों के साथ हर महीने सरकारी योजनाओं की समीक्षा करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.