ट्रेड शो में जेन अल्फा ने संभाली ‘दुनिया की कमान’, MUN में वैश्विक मुद्दों पर हुआ मंथन
100 से अधिक विद्यार्थियों ने MUN में विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व कर वैश्विक व्यापार, AI, ई-कॉमर्स और ‘विकसित भारत 2047’ पर किया मंथन
ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश, 26 सितंबर 2026: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शनिवार को नई पीढ़ी ने अंतरराष्ट्रीय मंच का अनुभव हासिल किया। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ‘विकसित भारत मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN)’ में कक्षा 9 से 12 तक के 14 विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने वैश्विक व्यापार, विश्व अर्थव्यवस्था, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ई-कॉमर्स, डिजिटल ट्रेड, ऑटोमेशन और ग्लोबल सप्लाई चेन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। आयोजन का मुख्य विषय ‘विकसित भारत 2047’ रहा।
विद्यार्थियों ने संबंधित देशों की व्यापार नीतियों और वैश्विक मुद्दों पर उनके दृष्टिकोण को समझकर अपनी बात रखी। इस दौरान संवाद, तर्क-वितर्क, नेगोशिएशन और सहमति निर्माण की प्रक्रिया ने उनकी पब्लिक स्पीकिंग, रिसर्च और क्रिटिकल थिंकिंग जैसी क्षमताओं को बढ़ावा दिया।
विद्यार्थियों ने ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के विभिन्न पवेलियन का भी भ्रमण किया और प्रदेश के उद्योग, निवेश, निर्यात, तकनीक, संस्कृति और विरासत को करीब से जाना।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ‘बेस्ट डेलीगेट’, ‘हाई कमेंडेशन’ और ‘स्पेशल मेंशन’ जैसे पुरस्कार प्रदान किए गए। यह पहल युवाओं को वैश्विक दृष्टि देने और विकसित भारत की परिकल्पना से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।