नई दिल्ली, 25 सितंबर 2026 । फिल्म जगत के चर्चित अभिनेता मुश्ताक खान को शुक्रवार, 25 सितंबर को मुंबई के यारी रोड कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अभिनेता का 24 सितंबर की शाम मुंबई के नानावती अस्पताल में निधन हो गया था। वह पिछले कुछ समय से कैंसर का इलाज करा रहे थे। उनके निधन की खबर से परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
‘वेलकम’ और ‘आशिकी’ जैसी फिल्मों में काम करने वाले एक्टर मुश्ताक खान का 75 साल की उम्र में गुरूवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से फेफड़ों के कैंसर से जूझ रहे थे।
आज शुक्रवार दोपहर को जुमे की नमाज के बाद जनाजे की नमाज की गई। फिर यारी रोड कब्रिस्तान में मुश्ताक को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मुश्ताक खान के निधन के बाद सनी देओल, अनुपम खेर समेत फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने दुख जताया। वहीं, राजपाल यादव ने कहा कि वे निधन से करीब 2 घंटे पहले ही उनसे मिलकर आए थे।
मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम ने बताया था कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे उनका निधन हुआ। मुश्ताक खान को करीब पांच साल पहले कैंसर का पता चला था और वे ठीक भी हो गए थे। हालांकि, आठ दिन पहले कैंसर फिर से लौट आया और उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह कैंसर का आखिरी स्टेज था।
पांच दशक से ज्यादा लंबा रहा फिल्मी सफर
मुश्ताक खान ने करीब पांच दशक तक फिल्म इंडस्ट्री में काम किया। उन्होंने थिएटर से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की और बाद में फिल्मों में अपनी पहचान बनाई। रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने अपने करियर में सैकड़ों फिल्मों में काम किया।
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर से निकलकर मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री तक पहुंचने वाले मुश्ताक खान ने सहायक कलाकार के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निधन के बाद उनके पुराने किरदार और फिल्मों में किए गए काम को याद किया जा रहा है।
फिल्मी सितारों ने जताया शोक
मुश्ताक खान के निधन के बाद कई फिल्मी कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सनी देओल, अनीस बज्मी, संजय मिश्रा और राजपाल यादव समेत कई लोगों ने उनके निधन पर शोक जताया।
मुश्ताक खान के निधन के साथ हिंदी सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसने लंबे समय तक सपोर्टिंग और कॉमिक किरदारों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया।