एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट मुकाबले में नेपाल ने बड़ा उलटफेर करते हुए अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 102 रन बना सकी। जवाब में नेपाल ने 17.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 103 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 16 रन के स्कोर तक अफगानिस्तान के तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।
फैसल शिनोजादा और नजीबुल्लाह जादरान ने 30-30 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन टीम तेज गति से रन नहीं बना सकी। आखिर में अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 102 रन बनाए।
नेपाल के गेंदबाजों ने बरपाया कहर
नेपाल की ओर से कुशल भुर्तेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए, जबकि ललित राजबंशी को 3 सफलताएं मिलीं। दोनों गेंदबाजों ने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
कम स्कोर वाले लक्ष्य ने नेपाल के सामने जीत की राह आसान कर दी, हालांकि रन चेज के दौरान उसकी शुरुआत भी अच्छी नहीं रही।
रोहित पौडेल ने नाबाद 33 रन बनाए
103 रन के टारगेट का पीछा करते हुए नेपाल ने 12 रन तक दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद सुंदीप जोरा ने 34 रन और रोहित पौडेल ने नाबाद 33 रन बनाकर टीम को संभाला। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 15 रन की पारी खेली।
अफगानिस्तान के लिए फरीदून दावूदजई, अब्दुल्लाह अहमदजई और अरब गुल ने एक-एक विकेट लिया।