नई दिल्ली, 25 जुलाई 2026 । सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) ने 20 जुलाई को हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर बड़ा ऐलान किया है। संगठन ने कहा कि इस कार्रवाई से जुड़े तथ्यों, दस्तावेजों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को एक मंच पर उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही एक विशेष वेबसाइट लॉन्च की जाएगी। CJP का दावा है कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों की आवाज को सामने लाया जाएगा और मामले से जुड़ी सूचनाओं को व्यवस्थित रूप से सार्वजनिक किया जाएगा।
अनशन तोड़ने पर जताई खुशी
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हमें बहुत खुशी हुई कि सोनम सर ने अपना अनशन तोड़ा है। करीब 26 दिन से वह भूख हड़ताल पर थे। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को जगाने का काम किया है।
संगठन के अनुसार, वेबसाइट पर घटना से जुड़े वीडियो, फोटो, दस्तावेज, कानूनी अपडेट और नागरिकों द्वारा साझा किए गए अनुभवों को भी स्थान दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रभावित लोग अपनी शिकायतें, साक्ष्य और अन्य जानकारी भी इस प्लेटफॉर्म के जरिए साझा कर सकेंगे। CJP का कहना है कि इसका उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना, तथ्यों का दस्तावेजीकरण करना और कानूनी प्रक्रिया को मजबूत बनाना है।
CJP ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। संगठन का मानना है कि यह वेबसाइट नागरिकों, वकीलों, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और शोधकर्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत साबित होगी। वेबसाइट लॉन्च होने के बाद मामले से जुड़े सभी नए अपडेट और कानूनी घटनाक्रम भी नियमित रूप से साझा किए जाएंगे।
CJP का दावा, एफआईआर नहीं हुई तो कोर्ट जाएगी कानूनी लड़ाई
सीजेपी उनकी पहचान करेगी और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अगर एफआईआर दर्ज करने में कुछ दिक्कत हुई तो हम कोर्ट जाएंगे और वहां से ऑर्डर लाएंगे।