नई दिल्ली, 11 जुलाई 2026 । दिल्ली सरकार ने अपने मीडिया और जनसंपर्क तंत्र को मजबूत करने के लिए नई जिम्मेदारियों का ऐलान किया है। सरकार ने अभय वर्मा को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। इसके साथ ही अनिल शर्मा और हरीश खुराना को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि सरकार की नीतियों, योजनाओं और फैसलों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सके।
दिल्ली सरकार ने क्यों की प्रवक्ताओं की नियुक्ति
- मुख्य प्रवक्ता और प्रवक्ता के रूप में नियुक्त जनप्रतिनिधि विभिन्न समसामयिक विषयों पर दिल्ली सरकार का अधिकृत पक्ष पेश करेंगे।
- वे सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों, नीतिगत पहल और जनहित से जुड़े मुद्दों पर आधिकारिक जानकारी साझा करेंगे।
- मीडिया के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर सरकार की ओर से तथ्यों और निर्णयों का स्पष्टीकरण भी देंगे।
- इसके साथ ही वे विभिन्न विभागों से प्राप्त अधिकृत सूचनाओं के आधार पर सरकार का दृष्टिकोण जनता तक पहुंचाने का दायित्व निभाएंगे।
सरकार का कहना है कि नई नियुक्तियों का उद्देश्य संचार व्यवस्था को अधिक संगठित, प्रभावी और समन्वित बनाना है। प्रवक्ताओं की टीम विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़े मुद्दों पर आधिकारिक जानकारी साझा करेगी और मीडिया के साथ बेहतर संवाद स्थापित करेगी।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इन नियुक्तियों को दिल्ली सरकार की संचार रणनीति को मजबूत करने और जनसंपर्क को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
इन नियुक्तियों के बाद दिल्ली सरकार के मीडिया प्रबंधन और सार्वजनिक संवाद तंत्र में नई सक्रियता देखने को मिल सकती है।