संविधान दिवस पर जनपद में विभिन्न स्थानों पर आयोजित हुए भव्य कार्यक्रम, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किया संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया सजीव प्रसारण
गौतमबुद्धनगर, 26 नवंबर 2026| उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा गुरुवार को लोक भवन, लखनऊ के ऑडिटोरियम में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन कराया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रदेश में 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ भी किया गया।
इसी क्रम में जनपद गौतमबुद्धनगर में भी संविधान दिवस के अवसर पर जनपद, तहसील एवं विकासखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनपद में चिन्हित स्थलों पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित राष्ट्रीय स्तर के समाज सुधारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने देखा और सुना।
इसी क्रम में माननीय विधायक दादरी के प्रतिनिधि सेवानंद शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार की उपस्थिति में विकासखंड दादरी के ग्राम भोगपुर स्थित अंबेडकर पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा ग्रामवासियों को डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं, कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार पांडे की उपस्थिति में संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन किया गया तथा उद्देशिका में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखते हुए उनके पालन की सामूहिक शपथ ली गई।
इसी प्रकार जनपद के विभिन्न ग्रामों एवं प्रतिमा स्थलों पर भी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम छायसा में भगवान परशुराम मूर्ति स्थल पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। ग्राम जारचा स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह की उपस्थिति में, ग्राम खगोड़ा स्थित महाराणा प्रताप मूर्ति स्थल पर अपर जिलाधिकारी (भू0अ0) अरूण कुमार सिंह की उपस्थिति में तथा ग्राम प्यावली ताजपुर स्थित महाराणा प्रताप मूर्ति स्थल पर डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम भगवंतपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति स्थल पर डिप्टी कलेक्टर डॉ. पूर्वा शर्मा, ग्राम शमशमनगर में डिप्टी कलेक्टर अभिनेंद्र तथा कस्बा जेवर के मोहल्ला चामड़वाला स्थित महर्षि वाल्मीकि प्रतिमा स्थल पर डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार की उपस्थिति में संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन सभी कार्यक्रमों में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों द्वारा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। इसके उपरांत भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन किया गया तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके अनुरूप आचरण करने का संकल्प लिया गया।
जनपद में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को संविधान के प्रति सम्मान एवं उसके मूलभूत आदर्शों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने, सामाजिक समरसता एवं समानता की भावना को बढ़ावा देने तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित देश के महान समाज सुधारकों एवं महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।