20 लाख की स्कॉर्पियो से 6 हजार का डीजल भरवाकर फरार हुआ चालक,

0

गुरुग्राम, 29 जून्‌ 2026 । एक पेट्रोल पंप पर उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 20 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो का चालक लगभग 6,000 रुपये का डीजल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज और वाहन की स्थिति की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

आगे नहीं थी नंबर प्लेट

जानकारी के अनुसार पटौदी बिलासपुर रोड पर यश फ्यूल स्टेशन है। पेट्रोल पंप के कर्मचारी ने पटौदी थान में दी शिकायत में बताया है कि गुरुवार रात समय 11:59 पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो एन गाडी ने यश फ्यूल स्टेशन से 6000 का डीजल भरवाया और बिना पेमेंट किए भाग गए। शिकायत में बताया गया है कि गाड़ी में 3 लोग सवार थे। पुलिस गाड़ी की फोटो के आधार पर अब जांच कर रही है। गाड़ी में आगे नंबर प्लेट नहीं थी और पीछे वाली नंबर प्लेट पर टेप लगी हुई थी इसलिए पंप के कैमरे में गाड़ी की पहचान करना मुश्किल है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि घटना के बाद पंप कर्मचारी ने बाइक से पीछा करने की कोशिश भी की। स्पीड इतनी तेज थी कि पेट्रोल पंपकर्मी नोजल भी नहीं हटा पाया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि स्कॉर्पियो के आगे नंबर प्लेट लगी ही नहीं थी, जबकि पीछे की नंबर प्लेट पर टेप चिपकाकर नंबर को छिपाने की कोशिश की गई थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने और वाहन की पहचान मुश्किल बनाने के उद्देश्य से पहले से ही यह तैयारी कर रखी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन असली है या चोरी का, तथा क्या आरोपी पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वाहन से जुड़े उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.