चंडीगढ़ , 29 जून् 2026 । अयोध्या दौरे से लौटने के बाद अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सबसे प्रमुख घोषणा अमृतसर में माता सीता और लव-कुश का भव्य मंदिर बनाने की रही। उन्होंने कहा कि यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को भी नई पहचान देगा।
22 शहरों में भजन संध्या का आयोजन
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अमृतसर में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिवजी के नाम’ भजन संध्या में कार्यक्रम के दौरान यह घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा आज रघुवंशी जी की ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मेरे पास कई लोग आए और कहा कि आज तक ऐसी कोई सरकार नहीं आई जिसने इस तरह की भजन संध्या का कभी आयोजन किया हो। यह पहली सरकार है जिसने लोगों की भक्ति के लिए इस तरह भजन संध्या का आयोजन किया है। इससे पहले जालंधर में भी भजन संध्या हुई थी। अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के लोगों को पांच बड़ी खुशखबरी देते हुए कहा कि यह जो भजन संध्या का सिलसिला जालंधर से शुरू होकर अमृतसर पहुंचा है, अब यह पंजाब के 22 शहरों में करवाया जाएगा। 22 शहरों के अंदर एक शाम शिव जी के नाम कार्यक्रम और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
केजरीवाल ने अपने संबोधन में कुल पांच बड़े ऐलान किए। उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा राज्य के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले स्थानों के संरक्षण पर जोर दिया। उनका कहना था कि इन पहलों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
अमृतसर में प्रस्तावित सीता और लव-कुश मंदिर को लेकर उन्होंने कहा कि यह श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और इसे धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जाएगा।
इन घोषणाओं के बाद पंजाब की राजनीति में भी नई चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक परियोजनाओं पर जोर देकर आम आदमी पार्टी आगामी समय में अपनी राजनीतिक और सामाजिक पहुंच को और मजबूत करने की कोशिश कर रही है। अब सभी की नजर इन घोषणाओं के क्रियान्वयन और सरकार की आगे की कार्ययोजना पर रहेगी।