राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान

0

लखनऊ , 11 जून्‌ 2026 । अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं और चोरी के आरोपों को लेकर सियासी और सामाजिक बहस तेज हो गई है। इसी बीच पूर्व सांसद और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के बयान ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर पूरी सच्चाई सामने नहीं रख पा रहे हैं क्योंकि इसमें शामिल लोग बेहद प्रभावशाली हैं। उनका कहना था कि “मैं डर के मारे सच नहीं बोल रहा, वो बहुत पावरफुल लोग हैं।”

क्या है मामला

बता दें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपये का चढ़ावा गायब होने का गंभीर आरोप लगाया है। अखिलेश यादव ने बीते रविवार को सोशल मीडिया पर शेयर किया था कि अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपये का चढ़ावा गायब हो गया है। अखिलेश यादव ने लिखा था कि समस्त विश्व में भगवान राम के उपासकों के लिए ये एक बेहद संवेदनशील समाचार है कि ‘राम मंदिर’ के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पाई गई है। न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने की मांग है क्योंकि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनातनी समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है।

बृजभूषण शरण सिंह के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। विपक्षी दल इस बयान को गंभीर मानते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि समर्थकों का कहना है कि यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो उसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए। राम मंदिर देश की आस्था का केंद्र है, ऐसे में चढ़ावे से जुड़े किसी भी विवाद को लेकर लोगों की संवेदनाएं भी जुड़ी हुई हैं।

मामले को लेकर प्रशासनिक और ट्रस्ट स्तर पर भी निगाहें टिकी हुई हैं। अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर बृजभूषण शरण सिंह किन लोगों की ओर इशारा कर रहे हैं और उनके पास ऐसा कौन-सा तथ्य है जिसे वह सार्वजनिक रूप से साझा करने से बच रहे हैं। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि धार्मिक संस्थानों में वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना बेहद जरूरी है ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे। आने वाले दिनों में इस मामले में जांच एजेंसियों, मंदिर प्रशासन और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया पर सबकी नजर रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.