नोएडा सेक्टर-63 की दो फैक्ट्रियों में भीषण आग, 16 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
नोएडा , 16 मई 2026 । उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के डी-ब्लॉक स्थित एक गारमेंट कंपनी और एक बैग निर्माण कंपनी में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में फैक्ट्री परिसर से ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 16 फायर ब्रिगेड गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-63 के डी-140 स्थित ‘ईगल बिजनेस कॉरपोरेशन’ नामक कंपनी में दोपहर के समय आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद पड़ोस में स्थित डी-139 की ‘शौर्य एक्सपोर्ट’ कंपनी भी आग की चपेट में आ गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील सामान के कारण तेजी से फैल गई। आग लगने के बाद आसपास की फैक्ट्रियों और इमारतों को भी खाली कराया गया ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। मौके पर पुलिस, प्रशासन और राहत टीमें भी तैनात रहीं।
दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया। अधिकारियों के मुताबिक समय रहते राहत कार्य शुरू होने से आग को अन्य इकाइयों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि आग से फैक्ट्रियों में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है, लेकिन फायर विभाग ने विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी देने की बात कही है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और प्रशासन ने औद्योगिक इकाइयों को फायर सेफ्टी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भीषण आग और धुएं के कारण काफी देर तक दहशत का माहौल होने की बात कही।