CM Yogi Meerut Visit: पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे सीएम योगी, 15 वीर नारियों का सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 नवंबर को मेरठ कैंट के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित मेगा पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हजारों पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के शामिल होने की संभावना है।

0

मेरठ, उत्तर प्रदेश ,  14 नवंबर 2026 | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शनिवार को मेरठ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मेरठ कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित मेगा पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद सैनिकों के परिवारों को सम्मान देना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पहल करना है।

जानकारी के मुताबिक, सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 2,500 से 3,000 पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 15 वीर नारियों को सम्मानित करेंगे। मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा भी इस आयोजन में शामिल होंगे।

सम्मेलन के दौरान पूर्व सैनिकों को पेंशन, बैंकिंग, दस्तावेजों, चिकित्सा सुविधाओं और रोजगार से जुड़ी समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। स्पर्श पोर्टल और जीवन प्रमाणपत्र से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के शास्त्रीनगर स्थित आवास पर जाकर उनके दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि भी देंगे।

सीएम के दौरे को देखते हुए मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। माल रोड पर शाम पांच बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.