लखनऊ में आग का कहर—विकास नगर की 200 झुग्गियां जलकर खाक, धमाकों और धुएं से मचा हड़कंप
लखनऊ , 16 अप्रैल 2026 । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया, जहां करीब 200 झुग्गियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में उठते धुएं के गुबार ने लोगों में दहशत फैला दी। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और पूरी तरह बुझाने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, आग दोपहर बाद रिंग रोड के पास एक खाली भूखंड में लगी और तेज हवाओं तथा झग्गियों में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैल गई। धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग के दौरान कई जोरदार धमाके भी सुनाई दिए, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। आशंका जताई जा रही है कि झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से ये विस्फोट हुए, जिसने आग को और भड़काने का काम किया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, हालांकि अब तक किसी बड़े जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या सिलेंडर लीकेज जैसी संभावनाएं जताई जा रही हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविर और खाने-पीने की व्यवस्था शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तंग गलियां, अस्थायी निर्माण और सुरक्षा संसाधनों की कमी ऐसी घटनाओं को और गंभीर बना देती है।