पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर फिर भड़की हिंसा — दोनों देशों के रिश्तों में बढ़ा तनाव

0

इस्लामाबाद , 15 अक्टूबर 2025 । पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया है। ताजा जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सुरक्षाबलों और अफगान तालिबान के बीच गोलीबारी स्पिन बोलदक-चमन बॉर्डर क्षेत्र में हुई। इस मुठभेड़ में दोनों ओर से कई लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि कुछ नागरिकों की मौत की भी पुष्टि स्थानीय सूत्रों ने की है।

पाकिस्तान सुरक्षा बलों और अफगान तालिबान के बीच मंगलवार रात को फिर झड़पें हुईं। AP के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले में सीमा पर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया है।

अफगानिस्तान के तालिबान प्रवक्ता मावलवी जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि आज सुबह पाकिस्तानी सेना ने कंधार के स्पिन बोल्डक इलाके में हमला किया। इस हमले में 12 आम लोग मारे गए और 100 से ज्यादा घायल हो गए।

इस लड़ाई में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के पोस्ट पर कब्जा करने का दावा किया है। साथ ही टैंकों के नुकसान की भी खबर है। पाकिस्तानी सरकारी मीडिया ने तालिबान पर बिना उकसावे के पहली गोली चलाने का आरोप लगाया।

वहीं, अफगानिस्तान समर्थित सोशल हैंडल ने दावा किया कि अफगान सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान में उन जगहों को निशाना बनाया है जहां से अफगानिस्तान के लिए खतरा पैदा होता है। इसके साथ ही 7 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की भी बात कही।

पाकिस्तान का दावा- तालिबान चौकियों को भारी नुकसान

पाकिस्तान ने सूत्रों ने दावा किया है कि पाकिस्तान के हमले में कई तालिबान चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा और उनकी चौकियों से आग की लपटें उठती देखी गई

पाकिस्तानी पीटीवी न्यूज ने बताया, ‘अफगान तालिबान और फितना अल-खवारिज ने कुर्रम में बिना वजह गोलीबारी की। पाकिस्तानी सेना ने पूरी ताकत से जवाब दिया।’

दावा किया गया कि पाकिस्तान की जवाबी गोलीबारी में एक तालिबानी टैंक नष्ट हो गया, जिससे हमलावर अपनी चौकियां छोड़कर इलाके से भागने पर मजबूर हो गए। वहीं, काबुल का दावा है कि वह अपनी हवाई सीमा और संप्रभुता के उल्लंघन का जवाब दे रहा है।

पाकिस्तानी सेनाएं हाई अलर्ट पर

सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरफ से तैयार है।

वहीं अफगानिस्तान समर्थित वॉर ग्लोब न्यूज ने एक वीडियो जारी करते हुए दावा किया कि तालिबान के एक ड्रोन ने पख्तूनख्वा के सीमावर्ती इलाकों में एक पाकिस्तानी सैन्य अड्डे पर विस्फोटक किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.