हमास ने 8 लोगों को इजराइली जासूस बताकर गोली मारी — गाजा में सुरक्षा और राजनीतिक तनाव बढ़ा

0

हमास , 15 अक्टूबर 2025 । गाजा से एक बड़ी और विवादित घटना की खबर सामने आई है। हमास ने आठ लोगों को इजराइली जासूस होने के संदेह में गोली मार दी, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। यह घटना गाजा पट्टी में पिछले कुछ हफ्तों में हिंसा और तनाव की एक नई कड़ी है।

गाजा में हमास ने 8 लोगों को सड़क पर गोली मार दी। हमास ने इन लोगों को इजराइल का जासूस बताया। वायरल वीडियो में 8 लोगों को आंखों पर पट्टी बांधकर बैठाया गया और हमास के लड़ाकों ने उन्हें गोली मार दी। इस दौरान कुछ लोग अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगाते नजर आए।

इजराइली सेना के गाजा से पीछे हटने के बाद हमास फिर से अपनी ताकत बढ़ा रहा है। उसने उन लोकल हथियारबंद गिरोह पर हमले शुरू किए हैं, जो इजराइल के कब्जे वाले इलाकों में ताकतवर हो गए थे।

आरोप है कि ये लोकल ग्रुप्स दो साल से राहत सामग्री लूटकर बेच रहे थे, जिससे गाजा में भुखमरी बढ़ी। हमास की पुलिस अब सड़कों पर गश्त कर रही है और इन गैंग्स पर हमला कर रही है।

फिलिस्तीन राष्ट्रपति बोले- ये हत्याएं गलत

फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने इन हत्याओं को गलत बताया है। वहीं, फिलिस्तीन के एक्सपर्ट अब्दलहादी अलिजला ने कहा कि ये हत्याएं गलत हैं, लेकिन गाजा में कोई कोर्ट या कानून नहीं बचा है। लोग दो साल से बमबारी और हिंसा झेल रहे हैं, इसलिए ऐसी घटनाएं उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गई हैं।

बीबीसी के मुताबिक, हमास ने हजारों सैनिकों को गाजा में भेजा है। एक्सपर्ट का कहना है कि अगर युद्धविराम रहा, तो हमास कुछ ही हफ्तों में गाजा पर पूरी तरह कब्जा कर सकता है।

हमास ने कुल 8 शव इजराइल को लौटाए

इससे पहले हमास ने मंगलवार को 4 और इजराइली बंधकों के शव इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) को सौंपे। ये ताबूत हमास ने रेड क्रॉस को सौंपे थे, फिर उन्हें IDF को ट्रांसफर किया गया। इजराइल ने लौटाए गए चार मृत बंधकों में से तीन के नाम बता दिए हैं।

बंधक एवं गुमशुदा परिवार फोरम के जारी बयान के अनुसार, इनमें तामिर निमरोदी , एतान लेवी और उरीएल बारूक शामिल है। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक कल हमास द्वारा लौटाया गया एक शव इजराइली बंधक का नहीं है, बल्कि यह गाजा के एक फिलिस्तीनी का है।

सीजफायर की शुरुआत के बाद से यह मृत बंधकों का दूसरा समूह था जो इजराइल लौटा। हमास से 28 बंधकों के शवों को सौंपा जाना था, लेकिन अब तक कुल 8 शवों को लाया गया है। माना जा रहा है कि 20 से अधिक बंधकों के अवशेष अभी भी गाजा में हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.