पटियाला में मकान देखने गए पति-पत्नी पर पिटबुल का खौफनाक हमला, 26 बार काटा; CCTV वीडियो आया सामने

0

पटियाला, 13 अगस्त 2026 । पंजाब के पटियाला में किराए का मकान देखने गए एक दंपती पर पिटबुल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। घटना पटियाला के घुम्मन नगर इलाके की बताई जा रही है। दंपती एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ मकान देखने पहुंचे थे। जैसे ही घर का गेट खुला, अंदर मौजूद पिटबुल बाहर निकला और महिला पर झपट पड़ा। इसके बाद महिला के पति ने उसे बचाने की कोशिश की तो कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों को कुल 26 बार काटे जाने की जानकारी सामने आई है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

मकान देखने आए थे दंपति

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी पटियाला के घुम्मण नगर इलाके में मकान देखने के लिए आए थे। इस दौरान वो घर की बेल बजाते हैं। अंदर से कोई शख्स तो नहीं आता है, लेकिन अचानक एक कुत्ता दौड़ता हुआ आ जाता है। कुत्ते को देखकर महिला खुद को बचाने के लिए भागने लगती है। इस दौरान पिटबुल डॉग उसपर अटैक कर देता है। वहीं इसी दौरान अपनी पत्नी को बचाने के लिए पति पिटबुल को हटाने की कोशिश करता है तो वो उसपर भी हमला कर देता है। इस दौरान उनके साथ एक और शख्स मौजूद था। वो घर के अंदर आवाज लगाकर किसी को बाहर आने के लिए कहता था।

वायरल वीडियो से सामने आई घटना

घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में लोगों को दंपती को बचाने के लिए कुत्ते को दूर करने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।

आक्रामक नस्ल के कुत्तों को लेकर फिर उठे सवाल

इस घटना ने रिहायशी इलाकों में आक्रामक नस्ल के कुत्तों को रखने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस फिर तेज कर दी है। पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने कहा है कि शहर में आक्रामक नस्ल के कुत्तों को पालतू जानवर के रूप में रखने पर प्रतिबंध लगाने से जुड़े प्रस्ताव पर नगर निगम की बैठक में चर्चा की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी डर का माहौल है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कुत्ते को किस तरह रखा गया था और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ किन कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.