नोएडा में सीवर सफाई के दौरान कर्मचारी की दम घुटने से मौत, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट और जांच के आदेश

0

नोएडा, 15  जुलाई 2026 । नोएडा में सीवर की सफाई के दौरान एक कर्मचारी की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

सीवर में उतरने से हुई कर्मचारी की मौत

मृतक शिवा अपने परिवार के साथ सेक्टर 37 में रहते थे। बता दें कि नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में सीवरलाइन की सफाई का काम करा रहा है। इसी क्रम में सफाई कर्मचारी शिवा सीवर में उतरा। कुछ देर बाद जब वह बाहर नहीं निकला तो मौके पर मौजूद कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद शिवा को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कर्मचारी सीवर की सफाई के लिए नीचे उतरा था, जहां जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और सीवर सफाई के मानकों पर सवाल उठने लगे हैं।

नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल को और सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि कर्मचारी को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.