यात्रियों को बड़ी राहत! ट्रेन आने से 30 मिनट पहले मिलेगी कोच की सटीक जानकारी

0

पटना , 27  जून्‌ 2026 । भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए एक नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है, जिसके तहत अब ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से करीब 30 मिनट पहले ही कोच की सही पोजिशन की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को अंतिम समय में कोच तलाशने की परेशानी से बचाना और स्टेशन पर भीड़भाड़ को कम करना है।

रेलवे प्रशासन सभी प्रमुख स्टेशनों पर नेशनल ट्रेन एनक्वायरी सिस्टम (NTES) आधारित आधुनिक कोच डिस्प्ले लगाने जा रहा है। इस नए सिस्टम के चालू होने से ट्रेन के आगमन से करीब आधे घंटे पहले ही डिस्प्ले बोर्ड और एनटीईएस ऐप पर बोगियों की सटीक लोकेशन प्रदर्शित होने लगेगी। रेलवे ने इस आधुनिक तकनीक को लागू करने की तैयारियां तेजी से शुरू कर दी हैं।

वर्तमान व्यवस्था की कमियां से यात्रियों की परेशानी

मौजूदा समय में स्टेशनों पर मैनुअल फीडिंग के जरिए ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने से महज 8 से 10 मिनट पहले ही डिस्प्ले बोर्ड पर कोच की जानकारी मिल पाती है। समय बेहद कम होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और भारी सामान वाले यात्रियों को अपने निर्धारित कोच तक पहुंचने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई बार प्लेटफॉर्म पर अचानक मची अफरा-तफरी और भागदौड़ के कारण यात्रियों की ट्रेन छूटने तक की नौबत आ जाती है, जिससे स्टेशन पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को ट्रेन के कोच किस स्थान पर रुकेंगे, इसकी जानकारी पहले से ही स्टेशन के डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, मोबाइल एप, सूचना प्रणाली और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए मिल जाएगी। इससे यात्रियों को अपना कोच खोजने के लिए प्लेटफॉर्म पर इधर-उधर दौड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे पहले से ही सही स्थान पर पहुंचकर आराम से ट्रेन में सवार हो सकेंगे।

रेलवे का मानना है कि यह व्यवस्था विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांग यात्रियों और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। साथ ही इससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़, अफरा-तफरी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

यात्रियों के बेहतर अनुभव और स्मार्ट रेलवे प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि यह व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू होती है, तो देशभर के रेलवे स्टेशनों पर यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित हो सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.