मोहन यादव जमीन विवाद में भरत यादव कौन हैं?

ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव से जोड़ा कनेक्शन, सियासत गरमाई

0

लखनऊ, 24 जून्‌ 2026 । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से जुड़े जमीन विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव  पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। राजभर ने दावा किया कि इस पूरे विवाद में मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी भरत यादव का नाम महत्वपूर्ण है और उनका संबंध समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता चंद्रपाल यादव के परिवार से है।

अखिलेश यादव ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के जमीन खरीद विवाद को बीजेपी की साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी मोहन यादव को बदनाम कर रही है, क्योंकि वह उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाना चाहती है। इस पर राजभर ने कई खुलासे किए हैं।

चंद्रपाल यादव के दामाद भरत यादव से रिश्ता

उन्होंने लिखा है, ‘अखिलेश जी! एमपी कैडर के आईएएस भरत यादव, जो राज्य सड़क विकास निगम के चेयरमैन हैं, उनसे आपने अपना रिश्ता छिपा लिया। अखिलेश जी भरत यादव आपके ‘कुबेर’ चंद्रपाल यादव के दामाद हैं। चंद्रपाल यादव सपा के कद्दावर नेता और पार्टी कोषाध्यक्ष रहे हैं। उम्मीद है कि आपको याद आ गया होगा।

‘यह विवाद तब और बढ़ गया जब अखिलेश यादव ने मोहन यादव पर लगे जमीन खरीद संबंधी आरोपों को भाजपा की आंतरिक राजनीति और साजिश का हिस्सा बताया। इसके जवाब में राजभर ने सोशल मीडिया पर कई सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव को यह स्पष्ट करना चाहिए कि भरत यादव और उनके परिवार के बीच क्या संबंध हैं। वहीं, मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके परिवार पर उज्जैन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जमीन खरीदने के आरोप लगाए हैं। भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सभी खरीद-फरोख्त कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई हैं और मुख्यमंत्री का संबंधित कंपनी प्रबंधन से वर्षों पहले ही संबंध समाप्त हो चुका था। फिलहाल भरत यादव को लेकर लगाए गए आरोप राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा हैं और इनके समर्थन में कोई आधिकारिक जांच रिपोर्ट या न्यायिक निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं हुआ है। मामला अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का रूप ले चुका है, जिससे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.