दिल्ली के पहले महिला थाने में दर्ज हुई पहली FIR: नाबालिग से दुष्कर्म मामले की जांच शुरू

0

नई दिल्ली, 24 जून्‌ 2026 । वजीराबाद थाने में एक पिता अपनी नाबालिग बेटी के साथ रेप की शिकायत लेकर पहुंचते हैं। पुलिस तुरंत शिकायत लेती है, जैसे ही मामला डीसीपी राजा बांठिया के संज्ञान में आता है, तुरंत केस को दिल्ली के पहले महिला थाने में दर्ज करने और तुरंत जांच के निर्देश देते हैं। यह पहला मामला एक नाबालिग लड़की से कथित दुष्कर्म से जुड़ा है, जिसकी जांच अब महिला थाना पुलिस द्वारा की जाएगी। इस घटना ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

14 साल की नाबालिग को डरा-धमका कर पड़ोसी ने किया रेप

वहीं, पीड़ित परिवार का भी मानना है कि इस थाने के स्टाफ पर उनको काफी भरोसा है। जैसे ही वह महिला थाना पहुंचे, तुरंत रिसेप्शन पर उन्हें अटेंड किया गया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उनकी शिकायत सुनी और बिना समय गंवाए एफआईआर कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। यहां किसी भी तरह कोई इंतजार नहीं करना पड़ा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता और उसके परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। चूंकि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज करने, मेडिकल जांच कराने और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दिल्ली पुलिस द्वारा स्थापित यह महिला थाना विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। यहां प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मी पीड़ितों की शिकायतों को सुनने, उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और जांच प्रक्रिया को अधिक सहज बनाने का कार्य करेंगी। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे थानों का उद्देश्य पीड़ितों में भरोसा बढ़ाना और अपराधों की रिपोर्टिंग को प्रोत्साहित करना है।

क्या है मामला

  • सब्जी मंडी के महिला थाने में पहली एफआईआर 14 साल की नाबालिग से रेप की दर्ज हुई है।
  • पीड़ित परिवार ने पड़ोसी पर दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।
  • लड़की के मेडिकल के बाद पॉक्सो, दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
  • फिलहाल आरोपी फरार है। महिला थाने के अलावा वजीराबाद थाने की टीम आरोपी की तलाश कर रही है।
  • एक टीम दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में भी छापेमारी कर रही है। वहीं पीड़िता की काउंसलिंग कराई गई है।
  • डीसीपी ने बताया कि लड़की परिवार के साथ वजीराबाद इलाके में रहती है।
  • आरोपी ने पीड़िता को धमकाकर बातचीत के लिए एक मोबाइल फोन दिया।
  • बातचीत करने के अलावा आरोपी ने पीड़िता से उसकी अश्लील तस्वीरें खींचकर उसे वाट्सएप पर भेजने के लिए कहा।
  • बाद में आरोपी इन तस्वीरों को दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा।
  • आरोप है कि 9 मई 2026 को आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन रेप किया।
  • पीड़िता हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा अपने गांव गई तो आरोपी वहां भी पहुंच गया और धमकाने लगा।

इस मामले की जांच को प्राथमिकता दी जा रही है और पुलिस आरोपित की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाएगी ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.