दिल्ली के कारोबारी से 10 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला

स्पेन तक पहुंची जांच, पूर्व ASI की भूमिका से मचा हड़कंप

0

नई दिल्ली, 23 जून्‌ 2026 । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले ने सनसनी फैला दी है। जांच में सामने आए तथ्यों ने पुलिस को भी चौंका दिया है, क्योंकि इस पूरे नेटवर्क का कनेक्शन विदेश, विशेष रूप से स्पेन तक जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। मामले में एक पूर्व एएसआई (ASI) की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद जांच और भी गंभीर हो गई है।

जांच में सामने आया कि पीड़ित के मन में अलगाववादी संगठनों और कुख्यात गैंगस्टरों का भय पैदा कर रकम वसूलने की कोशिश की गई। इस मामले में क्राइम ब्रांच की ओर से गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में पंजाब के तरनतारन निवासी गुरपिंदर सिंह उर्फ प्रिंस, शमशेर सिंह उर्फ सैम और अमृतसर निवासी जसवंत सिंह शामिल है। जांच में जसवंत सिंह की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। जो पंजाब पुलिस में एएसआई रह चुका था, लेकिन 2006 में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। उसके खिलाफ पंजाब में पहले से दो आपराधिक मामले भी दर्ज बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, कारोबारी को लगातार धमकी भरे कॉल और संदेश भेजे जा रहे थे। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली अपराधी गिरोह से जुड़ा बताते हुए भारी रकम की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस और विशेष जांच एजेंसियों ने तकनीकी निगरानी शुरू की। जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल संचार और वित्तीय गतिविधियों की पड़ताल की गई। इसी क्रम में कुछ ऐसे सुराग मिले, जिनसे मामले का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन सामने आया। सूत्रों के अनुसार, धमकी देने वाले नेटवर्क के कुछ तार स्पेन से जुड़े लोगों तक पहुंचते दिखाई दिए हैं।

मामले में सबसे बड़ा खुलासा एक पूर्व एएसआई की कथित भूमिका को लेकर हुआ है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पूर्व पुलिसकर्मी की भूमिका केवल सूचना उपलब्ध कराने तक सीमित थी या वह पूरे नेटवर्क का सक्रिय हिस्सा था। उसके संपर्कों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.