PM की अपील और CM के निर्देश का असर, UP के अफसरों ने छोड़ी लग्जरी गाड़ियां; कोई साइकिल से तो कोई पैदल पहुंचा दफ्तर
लखनऊ , 15 मई 2026 । उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील और मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का असर अब प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भी दिखाई देने लगा है। राज्य के कई जिलों में अफसरों ने लग्जरी और सरकारी वाहनों का इस्तेमाल कम करते हुए साइकिल, पैदल और साझा परिवहन के जरिए दफ्तर पहुंचना शुरू कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के कुछ वरिष्ठ अधिकारी गुरुवार को कहीं साइकिल चलाकर तो कहीं पैदल चलकर दफ्तर पहुंचे। लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के निदेशक राधा कृष्ण धीमान अपने आवास से संस्थान तक साइकिल चलाकर पहुंचे।
बाराबंकी DM ने पेश की सादगी की मिसाल
वहीं, बाराबंकी में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह अतिरिक्त जिलाधिकारी निरंकार सिंह के साथ अपने आवास से पैदल चलकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और आम लोगों से अपील की कि जहां संभव हो, पैदल चलने को प्राथमिकता दें, ताकि ईंधन की बचत हो और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले।
सरकारी सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने ऊर्जा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और अनावश्यक सरकारी खर्च कम करने पर विशेष जोर दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां संभव हो, वहां वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग किया जाए और सरकारी संसाधनों की बचत सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों की यह पहल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोगों ने इसे सकारात्मक संदेश बताते हुए सराहा है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि केवल प्रतीकात्मक कदमों से ज्यादा जरूरी दीर्घकालिक नीतियां और मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकारी स्तर पर इस तरह की पहल लगातार जारी रहती है, तो इससे ईंधन की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। साथ ही आम जनता के बीच भी साइकिल और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हो सकती है।
हाल के समय में देशभर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए सरकारें ऊर्जा बचत और ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने पर लगातार जोर दे रही हैं। उत्तर प्रदेश में अधिकारियों की यह पहल उसी दिशा में एक संदेशात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है।