गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण शुरू, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम
जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक हुई। 15.27 लाख मतदाताओं वाली आलेख्य सूची जारी, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन।
प्रेस नोट
जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित, आलेख्य मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित एवं डिजिटल प्रतियां कराई गईं उपलब्ध
17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम अपमार्जित कराने एवं संशोधन के लिए दर्ज करा सकेंगे दावे एवं आपत्तियां
21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवसों पर मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ
दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा
निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 एवं 0120-2978702 की सुविधा उपलब्ध
गौतमबुद्धनगर 17 नवंबर, 2026
मा० भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आलेख्य निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के उपरांत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित एवं डिजिटल प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही मा0 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों एवं निर्धारित गतिविधियों की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (तहसील), पदाभिहित स्थलों एवं मतदान केंद्रों पर आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। जनसामान्य अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों का नाम देख सकते हैं। आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में पात्र मतदाता, मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, अपात्र नामों को अपमार्जित कराने तथा किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन कर सकेंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों पर जनपद के संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान करेंगे। मतदाता सूची में नया नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6, नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 तथा निर्वाचक नामावली में किसी प्रविष्टि में संशोधन, मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन अथवा निवास परिवर्तन के लिए फार्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त आम जनमानस मा० भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए जनपद स्तर पर स्थापित डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 एवं 0120-2978702 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके साथ ही ईसीआईनेट ऐप पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से भी संबंधित बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 15,27,428 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें नोएडा-61 विधानसभा क्षेत्र में 5,93,236 मतदाता हैं, जिनमें 3,27,446 पुरुष, 2,65,779 महिला एवं 11 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार दादरी-62 विधानसभा क्षेत्र में कुल 6,17,352 मतदाता हैं, जिनमें 3,34,483 पुरुष, 2,82,839 महिला एवं 30 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। वहीं जेवर-63 विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,16,840 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,72,723 पुरुष, 1,44,111 महिला एवं 06 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 8,34,652 पुरुष, 6,92,729 महिला एवं 47 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, महिलाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के साथ ही मृत, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुनरीक्षण कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए आरडब्ल्यूए, एओए, औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों, बार एसोसिएशन, शैक्षणिक संस्थानों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण, बीएलओ ऐप के नवीन बदलावों, प्राप्त आवेदनों के सत्यापन एवं समयबद्ध निस्तारण तथा निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूची का अवलोकन कर पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने में सहयोग करने की अपेक्षा की गई। सभी संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के समन्वित प्रयासों से निर्वाचक नामावली को शुद्ध, पारदर्शी, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, जिलामंत्री पंकज झा, सपा जिला प्रभारी अनूप तिवारी, बहुजन समाज पार्टी से जिला महासचिव राजकुमार गुर्जर, जिलाध्यक्ष लखमी सिंह, विधानसभा संयोजक मुकेश राठी, आम आदमी पार्टी से जिला अध्यक्ष दिलदार अंसारी, उपाध्यक्ष यतेंद्र शर्मा सहित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी दादरी अरूण कुमार, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।