देहरादून, 12 नवंबर 2026 | उत्तराखंड की पहाड़ियों में एक ऐसी धार्मिक परंपरा निभाई जाती है, जिसमें देवी को घर की बेटी मानकर पूरे सम्मान के साथ उनके ससुराल विदा किया जाता है। यह परंपरा है नंदा देवी राजजात यात्रा, जिसे हिमालय का महाकुंभ भी कहा जाता है। यह यात्रा हर 12 साल में आयोजित होती है और इसमें हजारों श्रद्धालु कठिन पहाड़ी रास्तों पर पैदल चलते हैं।
इस यात्रा की सबसे अनोखी पहचान है चार सींगों वाला मेढ़ा, जिसे स्थानीय भाषा में ‘चौसिंग्या खाडू’ कहा जाता है। यही मेढ़ा पूरी यात्रा की अगुवाई करता है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के जरिए सभी को मंदिर दर्शन की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंदिर का वीडियो पोस्ट कर लिखा, देवभूमि उत्तराखंड की आस्था और परंपराओं में मां नंदा देवी का विशेष स्थान है। अल्मोडा में माता का पवित्र मंदिर अपनी विशिष्ट वास्तुकला, धार्मिक महत्व और आध्यात्मिक वातावरण के लिए जाना जाता है। यहां पहुंचकर मन को एक असाधारण शांति और आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव होता है। यदि आप अल्मोडा आएं तो मां नंदा देवी के दर्शन अवश्य करें और उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।