सैंडपेपर विवाद पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा फैसला

8 साल पुराने मामले की दोबारा जांच नहीं होगी; ख्वाजा के दावों से मचा बवाल

0

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का चर्चित सैंडपेपर विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान हुई बॉल टैंपरिंग की घटना को लेकर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी नई किताब में कई बड़े दावे किए हैं। उन्होंने कहा है कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी केवल तीन खिलाड़ियों को नहीं, बल्कि पूरी टीम को थी। डेविड वॉर्नर ने भी ख्वाजा के दावों का समर्थन किया है। हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले की जांच दोबारा नहीं खोली जाएगी।

  • फरवरी-मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम 4 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका के दौरे पर थी। केपटाउन में तीसरे टेस्ट मैच के दौरान बैनक्रॉफ्ट गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए पकड़े गए। वे सैंडपेपर का टुकड़ा अपनी पैंट में छिपाने की कोशिश कर रहे थे।
  • क्रिकेट में गेंद की सतह से छेड़छाड़ करना बॉल टेंपरिंग कहलाता है। गेंद की एक तरफ की सतह को खुरदरा करने से गेंद हवा में असमान तरीके से घूम सकती है। इससे तेज गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग कराने में मदद मिलती है।
  • इसके बाद तब के कप्तान स्टीव स्मिथ ने स्वीकार किया था कि टीम के लीडरशिप ग्रुप ने गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाई थी।
  • इस मामले में कप्तान स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने का बैन लगा था। बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए निलंबित किया गया था।
  • स्मिथ पर अतिरिक्त 12 महीने तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में नेतृत्व की जिम्मेदारी लेने पर भी रोक लगाई गई थी। वॉर्नर पर भी कप्तानी का आजीवन प्रतिबंध लगा था, जिसे 2024 में हटा दिया गया।

ख्वाजा का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि ख्वाजा की बात पूरी तरह सही है।

वॉर्नर ने 2018 की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, जांच जल्दबाजी में की गई थी और उसमें कई महत्वपूर्ण पहलुओं को ठीक से नहीं देखा गया।

वॉर्नर ने विशेष रूप से इस बात पर सवाल उठाया कि ख्वाजा उस समय ड्रेसिंग रूम में कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास मौजूद थे, लेकिन जांच के दौरान उनका बयान नहीं लिया गया।

2018 में स्टीव स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर हुई थी कार्रवाई

सैंडपेपर विवाद मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान सामने आया था। मैच के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद की सतह के साथ छेड़छाड़ करते हुए कैमरे में देखा गया था।

इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच की और तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर तथा कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर कार्रवाई की। तीनों को निलंबन का सामना करना पड़ा था।

उस समय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में यही निष्कर्ष निकला था कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी इन तीनों खिलाड़ियों को थी। बाकी खिलाड़ियों को इस साजिश से अनजान बताया गया था।

मिचेल स्टार्क ने ख्वाजा के दावे से जताई असहमति

ख्वाजा के दावों पर ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि 2018 में गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी।

स्टार्क ने कहा कि उनका रुख 2021 में जारी उस बयान के अनुरूप है, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कहा था कि उन्हें मैदान पर किसी बाहरी पदार्थ के इस्तेमाल की जानकारी नहीं थी। उन्होंने ख्वाजा के इस दावे को भी स्वीकार नहीं किया कि केपटाउन टेस्ट से पहले वाले मुकाबले में सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ था।

इससे स्पष्ट है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व खिलाड़ियों के बीच इस घटना को लेकर अब भी मतभेद हैं।

आठ साल बाद फिर क्यों गरमाया मामला?

दरअसल, ख्वाजा की नई किताब के प्रकाशन ने पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है। डेविड वॉर्नर के समर्थन और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच दोबारा नहीं खोलने की घोषणा ने बहस को और बढ़ा दिया है।

एक तरफ ख्वाजा और वॉर्नर पुराने मामले की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और कुछ पूर्व खिलाड़ियों का कहना है कि 2018 की जांच के निष्कर्षों को बदलने की कोई वजह नहीं है।

फिलहाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपना फैसला स्पष्ट कर दिया है। अब इस विवाद में आगे खिलाड़ियों के बयानों और ख्वाजा की किताब में किए गए खुलासों पर सबकी नजर रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.