भारत-अमेरिका मिलकर करेंगे ड्रग तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई, खुफिया जानकारी साझा करने पर बनी सहमति
भारत और अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। दोनों देश खुफिया जानकारी साझा करने, अवैध रासायनिक पदार्थों की सप्लाई रोकने और संयुक्त कार्रवाई को मजबूत करने पर सहमत हुए हैं।
नई दिल्ली,10 नवंबर 2026| भारत और अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। दोनों देशों ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले संगठित नेटवर्क को कमजोर करने और उनकी अवैध सप्लाई चेन पर रोक लगाने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है।
इस संबंध में 2 और 3 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में दूसरी भारत-अमेरिका ड्रग पॉलिसी एग्जीक्यूटिव वर्किंग ग्रुप की बैठक आयोजित हुई। इसमें भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और अमेरिका के ऑफिस ऑफ नेशनल ड्रग कंट्रोल पॉलिसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में खुफिया जानकारी के समय पर आदान-प्रदान, कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच समन्वय, सिंथेटिक ड्रग्स और उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रासायनिक पदार्थों की अवैध सप्लाई रोकने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
दोनों देशों ने ऑपरेशन मेडमैक्स, ऑपरेशन वाइप और भारत की स्वैच्छिक आचार संहिता जैसी पहलों का भी स्वागत किया।
भारत की ओर से तस्करी नेटवर्क के फाइनेंसरों, सप्लायरों और मददगारों की पहचान कर पूरे आपराधिक तंत्र को निशाना बनाने पर जोर दिया गया।
इस सहयोग का उद्देश्य केवल ड्रग्स की बरामदगी तक सीमित नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की आर्थिक और लॉजिस्टिक व्यवस्था को भी कमजोर करना है।