रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज

अरिजीत-श्रेया की आवाज ने बांधा भक्ति का समां

0

नई दिल्ली, 14 सितंबर 2026। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हो गया है। गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर मेकर्स ने फिल्म के म्यूजिकल सफर की शुरुआत की। गाने को ए.आर. रहमान ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। इसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है।

भगवान राम और सीता के विवाह पर केंद्रित है गाना

‘जय जय राम’ के विजुअल्स में सिया-राम के दिव्य संबंध को दिखाया गया है। गाने में भगवान राम और सीता के भव्य विवाह को भी दर्शाया गया है। गाने में भक्ति और आध्यात्मिक भाव को प्रमुखता दी गई है।

गाने में ‘जय जय राम’ का बार-बार दोहराव किया गया है, जो इसे मंत्र की तरह प्रस्तुत करता है। लिरिक्स में भगवान राम के प्रति भक्त की आस्था, भरोसे और उनकी शरण में जाने की भावना व्यक्त की गई है।

गाने की एक पंक्ति ‘जगत के अंधियारे, हमको घेरे सारे’ जीवन के अंधकार के बीच रोशनी की तलाश को दर्शाती है।

गाने में ‘अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम’ जैसे पारंपरिक श्लोक का भी इस्तेमाल किया गया है। इससे रामायण की ऐतिहासिक और धार्मिक पृष्ठभूमि को आधुनिक संगीत से जोड़ा गया है।

बता दें कि नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के पहले पार्ट का ट्रेलर 30 जुलाई को सुबह 4:15 बजे, ब्रह्म मुहूर्त के शुभ अवसर पर दुनिया भर में लॉन्च किया था।

कुमार विश्वास ने लिखे गीत के बोल

‘जय जय राम’ के बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। उन्होंने बताया कि गीत के जरिए श्रीराम और भक्त के बीच के भावनात्मक रिश्ते को सरल शब्दों में व्यक्त करने का प्रयास किया गया है। वहीं रहमान ने इसे प्रार्थना की आत्मीयता और सिनेमाई संगीत के मेल के रूप में पेश किया है।

दिवाली पर आएगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। ‘रामायण: पार्ट वन’ को दिवाली 2026 के आसपास सिनेमाघरों में लाने की तैयारी है, जबकि अंतरराष्ट्रीय रिलीज के लिए 6 नवंबर 2026 की तारीख बताई गई है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश समेत कई बड़े कलाकार नजर आएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.