नई दिल्ली, 14 सितंबर 2026। हर महीने बड़ी रकम निवेश करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। ऐसे में Recurring Deposit (RD) यानी आवर्ती जमा छोटी-छोटी बचत को एक तय अवधि में बड़ा फंड बनाने का आसान तरीका हो सकता है। अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से ₹2,000 प्रति माह RD में जमा करता है, तो समय के साथ उसकी जमा रकम और ब्याज मिलकर ₹1 लाख के आसपास या उससे अधिक हो सकती है। हालांकि, अंतिम राशि बैंक की ब्याज दर और RD की अवधि पर निर्भर करेगी।
इसमें ब्याज पर भी मिलता है ब्याज
पोस्ट ऑफिस RD पर मिलने वाला ब्याज हर तीन महीने पर कैलकुलेट होता है। इस पर मिलने वाला इंटरेस्ट कंपाउंड होता है यानी ब्याज पर भी ब्याज जुड़ता है, जिससे रिटर्न और बेहतर हो जाता है।
5 साल तक हर महीने 1 हजार निवेश पर बनेगा 71 हजार का फंड
पोस्ट ऑफिस RD में अगर आप 1 हजार रुपए प्रति महीने की रकम इन्वेस्ट करते हैं, तो 6.7% सालाना ब्याज दर के हिसाब से 5 साल बाद मैच्योर होने पर यह लगभग 71 हजार रुपए हो जाएंगे।
RD में जमा पैसे पर ले सकते हैं लोन
RD पर लोन सुविधा भी मिलती है। यानी बीच में पैसों की जरूरत पड़ने पर आप बिना RD तुड़वाए इस पर लोन भी ले सकते है।
पोस्ट ऑफिस RD में अगर आप लगातार 12 किस्त जमा कर लेते हैं तो आप लोन ले सकते हैं। यानी ये सुविधा लेने के लिए आपको कम से कम एक साल लगातार रकम डिपॉजिट करनी होगी। एक साल बाद आप अपने अकाउंट में जमा राशि का 50% तक लोन ले सकते हैं।
अगर आप RD पर लोन लेते हैं तो आपको लोन की रकम पर ब्याज 2% + RD खाते पर लागू ब्याज दर के रूप में लागू होगा। जैसे अभी RD पर 6.7% ब्याज मिल रहा है, ऐसे में अगर आप अभी RD पर ब्याज लेते है तो आपको 8.7% सालाना की ब्याज दर पर लोन मिलेगा।
RD के 4 फायदे
- सुरक्षित निवेश: पोस्ट ऑफिस RD भारत सरकार द्वारा समर्थित है, तो पैसा डूबने का कोई डर नहीं। ये उन लोगों के लिए बढ़िया है, जो जोखिम नहीं लेना चाहते।
- नियमित बचत की आदत: हर महीने थोड़ा-थोड़ा (मिनिमम 100 रुपए से शुरू) जमा करना होता है, जिससे बचत की आदत पड़ती है।
- लचीला निवेश: आप 100 रुपए से शुरू कर सकते हैं, और ऊपर की कोई लिमिट नहीं। अपनी जेब के हिसाब से राशि चुन सकते हैं।
- लोन की सुविधा: अगर इमरजेंसी में पैसों की जरूरत पड़े, तो RD के खिलाफ लोन ले सकते हैं। ये तब काम आता है, जब आप स्कीम तोड़ना नहीं चाहते।
कोई भी व्यक्ति खोल सकता है अकाउंट
कोई भी व्यक्ति RD अकाउंट खोल सकता है। छोटे बच्चों के नाम पर भी यह अकाउंट खोला जा सकता है। 10 साल या उससे अधिक उम्र होने पर आप इसे खुद ऑपरेट कर सकते हैं। 3 लोग मिलकर जॉइंट अकाउंट भी खोल सकते हैं। आप किसी भी पोस्ट ऑफिस के जरिए इसमें अकाउंट खोल सकते हैं।