सत्य निकेतन PG हादसे के बाद CM रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला

घायलों को ₹5 लाख मुआवजा; लापरवाह अफसरों पर भी कार्रवाई

0

नई दिल्ली, 08 सितंबर2026 । दिल्ली के सत्य निकेतन में PG की पांच मंजिला इमारत गिरने के दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा राहत पैकेज घोषित किया है। हादसे में घायल हुए लोगों को दिल्ली सरकार की ओर से ₹5 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए राहत, जवाबदेही और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं।

मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बिल्डिंग हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात के लिए एम्स के ट्रामा सेंटर पहुंची थी। घायलों से मुलाकात के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि घायलों की आर्थिक मदद के लिए राहत कोष से 5 लाख रुपये की मदद की जाएगी। साथ ही सीएम ने प्रशासन को आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांच करने और जरूरत पड़ने पर खतरनाक बिल्डिंगो को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

MCD के 4 अधिकारी सस्पेंड

इमारत ढहने की घटना के बाद नगर निकाय अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिसके तहत एमसीडी के दक्षिण जोन के उपायुक्त राकेश कुमार और चार इंजीनियरों अधीक्षण अभियंता रणबीर सिंह, अधिशासी अभियंता ललित कुमार गोयल, सहायक अभियंता सुनील चौहान और कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार को निलंबित कर दिया गया।

एमसीडी ने पूरी दिल्ली में इमारतों, विशेष रूप से ऊंचाई और मंजिल सीमाओं का उल्लंघन करने वाली संरचनाओं के निरीक्षण का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अधिकारियों को शहर में सभी पांच मंजिला ढांचों को सील करने का निर्देश दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.