जर्मनी में AfD की ऐतिहासिक जीत से सत्ता का रास्ता खुला,

44% वोट के बाद पहली बार राज्य सरकार बनाने के करीब

0

बर्लिन, 07 सितंबर2026 । जर्मनी की धुर दक्षिणपंथी पार्टी ऑल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (AfD) ने सैक्सोनी-आनहाल्ट के राज्य चुनाव में करीब 44 फीसदी वोट हासिल कर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। पार्टी पूर्ण बहुमत से कुछ सीट दूर रह गई, लेकिन नतीजे ने पहली बार किसी जर्मन राज्य में AfD के सरकार बनाने की संभावना को मजबूत कर दिया है।

यह नतीजा चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और उनकी कंजरवेटिव पार्टी के लिए बड़ा झटका है। AfD पहली बार द्वितीय विश्व युद्ध के बाद किसी जर्मन राज्य में सत्ता के इतने करीब पहुंची है।

रूस के राष्ट्रपति पुतिन के विशेष दूत किरिल दिमित्रिएव ने इस जीत को ऐतिहासिक बताया है। वहीं, फ्रांस ने इसे पूरे यूरोप के लिए गंभीर समय बताया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर चुनाव के अनुमानित नतीजे की एक तस्वीर शेयर की है। हालांकि उन्होंने AfD के समर्थन में कुछ नहीं लिखा।

AfD को 83 सदस्यीय विधानसभा में 39 सीटें मिली हैं, जबकि पूर्ण बहुमत के लिए 42 सीटों की जरूरत है। ऐसे में सरकार बनाने के लिए उसे दूसरे दलों के विधायकों का समर्थन हासिल करना होगा। हालांकि जर्मनी की मुख्यधारा की पार्टियां अब तक AfD के साथ गठबंधन से इनकार करती रही हैं।

इस चुनाव में चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की CDU को भी बड़ा झटका लगा है। पार्टी करीब 17.2 फीसदी वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही। AfD की यह सफलता जर्मनी की पारंपरिक राजनीतिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बदलाव के संकेत के तौर पर देखी जा रही है।

AfD की राजनीति में प्रवासन विरोधी नीतियां और रूस के प्रति अपेक्षाकृत नरम रुख प्रमुख मुद्दे रहे हैं। पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता खासकर पूर्वी जर्मनी के इलाकों में दिखाई दे रही है। सैक्सोनी-आनहाल्ट के नतीजे अब राष्ट्रीय राजनीति पर भी असर डाल सकते हैं और आने वाले चुनावों में पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ा सकते हैं।

हालांकि फिलहाल AfD के लिए सबसे बड़ी चुनौती सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन जुटाना है। यदि पार्टी सत्ता बनाने में सफल होती है, तो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जर्मनी में पहली बार धुर दक्षिणपंथी दल की राज्य सरकार बनने का रास्ता खुल जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.