नोएडा में स्वाइन फ्लू का बढ़ता प्रकोप, अब तक 192 मरीज मिले; अस्पतालों के लिए इमरजेंसी एडवाइजरी जारी
नोएडा, 29 अगस्त 2026 । नोएडा में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अब तक 192 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्थिति को देखते हुए अस्पतालों के लिए इमरजेंसी एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की पहचान, जांच और उपचार में किसी तरह की देरी न हो।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को निर्देश दिया है कि स्वाइन फ्लू और डेंगू के संदिग्ध मरीजों की पहचान को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। अस्पतालों में आने वाले ऐसे मरीज, जिनमें तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी, बदन दर्द या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो उनकी चिकित्सकीय जांच प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
दूसरी ओर, डेंगू के 48 मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरों की रोकथाम और लार्वा नियंत्रण अभियान को भी तेज करने की तैयारी की है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ऐसे स्थानों का निरीक्षण कर रही हैं, जहां पानी जमा होने के कारण डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने की आशंका रहती है। साथ ही लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की जा रही है।