भारत-श्रीलंका दूसरा टेस्ट कल से, सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

0

नई दिल्ली, भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच सुबह 10 बजे शुरू होगा। पहले टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

ओपनर यशस्वी जायसवाल भी लंबे समय से बड़ी पारी का इंतजार कर रहे हैं। पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में शतक लगाने के बाद उनकी पिछली 8 पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक आया है।

गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में जायसवाल तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की शॉर्ट गेंद पर कट खेलने की कोशिश में विकेट के पीछे कैच हो गए थे। कोलंबो के नेट्स में उन्होंने इस शॉट पर भी काम किया। भारतीय तेज गेंदबाजों और बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी कर उन्हें कट खेलने के लिए मजबूर करने की कोशिश की, लेकिन जायसवाल ने कई गेंदें छोड़कर जवाब दिया।

कुलदीप या सारांश, तीसरे स्पिनर पर फैसला बाकी

भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ा चयन सवाल तीसरे स्पिनर को लेकर है। गॉल टेस्ट में कुलदीप यादव ने दोनों पारियों में कुल 25 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ एक विकेट लिया। वह टीम के सबसे महंगे गेंदबाज भी रहे।

पहले मुकाबले में भारतीय टीम के लिए देवदत्त पडिक्कल और गेंदबाज मानव सुथार ने शानदार प्रदर्शन किया था। पडिक्कल ने पहली पारी में 167 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि मानव सुथार ने श्रीलंका की दोनों पारियों में कुल 10 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम की नजर सीरीज पर कब्जा करने के साथ-साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए अहम अंक हासिल करने पर होगी। वहीं श्रीलंका घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर सीरीज बराबर करने की कोशिश करेगा।

दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया के प्लेइंग कॉम्बिनेशन को लेकर भी चर्चा है। श्रीलंका की पिचों पर फिंगर स्पिन को मिल रही मदद को देखते हुए कुलदीप यादव की जगह दूसरे ऑफ स्पिनर को मौका दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.