पंजाब में BJP अकेले लड़ेगी या अकाली दल से मिलाएगी हाथ? तरुण चुघ ने दिया बड़ा संकेत

0

पंजाब , 19 अगस्त 2026 । पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच संभावित गठबंधन को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा है कि पार्टी चुनाव में किसके साथ गठबंधन करेगी या अकेले मैदान में उतरेगी, इस पर फैसला उचित समय पर लिया जाएगा। फिलहाल बीजेपी अपने संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारी में जुटी है।

JP पंजाब में अकेले लड़ेगी या गठबंधन करेगी? चर्चा है कि अकाली दल से फिर गठबंधन हो सकता है।

BJP पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह कोई दबाव में लिया गया फैसला नहीं, एक सोचा-समझा राजनीतिक निर्णय है। हमारी पार्टी पंजाब में 1952 से है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जब कश्मीर की ओर बढ़े थे, तो उनके साथ सबसे बड़ा जत्था पंजाब से गया था। हमने 1977 तक अकेले चुनाव लड़े हैं। इसलिए अकेले लड़ना हमारे लिए नया नहीं, वापस अपनी जड़ों की ओर लौटना है। आज BJP पंजाब में एक स्वतंत्र राजनीतिक शक्ति है, जिसका अपना संगठन, अपने कार्यकर्ता, अपना जनाधार और सबसे बढ़कर पंजाब के सर्वांगीण विकास का अजेंडा है। यही बात मोगा की रैली में देश के गृह मंत्री ने मंच से कही है। जब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व, गृहमंत्री, प्रदेश नेतृत्व और संगठन- सब एक ही बात कह रहे हों, तो अटकलों की गुंजाइश कहां बचती है? पंजाब की जनता के साथ हमारे रिश्ते मजबूत हैं और यही हमारा असली गठबंधन है।

पंजाब में बीजेपी और अकाली दल का करीब ढाई दशक पुराना गठबंधन 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर टूट गया था। इसके बाद दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़े। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद दोनों दलों के दोबारा साथ आने की अटकलों ने जोर पकड़ा था। हालांकि, अभी तक गठबंधन को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।

दूसरी ओर, बीजेपी की पंजाब इकाई की ओर से हाल में 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी के संकेत दिए गए हैं। पंजाब बीजेपी नेतृत्व ने कहा है कि पार्टी अपने संगठन और कैडर को मजबूत कर रही है तथा सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की क्षमता विकसित की जा रही है।

बीजेपी के लिए अकेले चुनाव लड़ना अपने विस्तार की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है। पार्टी राज्य में हिंदू, दलित और अन्य सामाजिक वर्गों के बीच अपना आधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है। वहीं, हाल में सतीश पूनिया को पंजाब बीजेपी का प्रभारी बनाए जाने को भी 2027 की चुनावी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

अकाली दल के साथ गठबंधन का अपना चुनावी गणित है। दोनों पार्टियों के पुराने वोट आधार अलग-अलग क्षेत्रों और समुदायों में प्रभाव रखते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव के आंकड़ों को देखें तो बीजेपी को पंजाब में 18.56 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि अकाली दल को 13.42 प्रतिशत वोट मिले। दोनों दलों के वोट एक साथ आने की स्थिति में कई विधानसभा क्षेत्रों में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।

हालांकि, गठबंधन होने की स्थिति में सीट बंटवारा, नेतृत्व और चुनावी रणनीति जैसे मुद्दे अहम होंगे। वहीं अकेले मैदान में उतरने पर बीजेपी को 117 सीटों पर अपना संगठन और उम्मीदवार मजबूत करने की चुनौती होगी। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के सामने दोनों विकल्पों के फायदे और नुकसान का आकलन करना महत्वपूर्ण होगा।

फिलहाल तरुण चुघ के बयान से इतना स्पष्ट है कि बीजेपी ने गठबंधन का विकल्प पूरी तरह बंद नहीं किया है, लेकिन पार्टी अपनी तैयारियों को किसी संभावित गठबंधन पर निर्भर नहीं रखना चाहती। 2027 के पंजाब चुनाव से पहले आने वाले महीनों में बीजेपी और अकाली दल के बीच बातचीत और राजनीतिक गतिविधियां इस सवाल का जवाब तय कर सकती हैं कि दोनों दल फिर साथ आएंगे या अलग-अलग चुनावी मैदान में उतरेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.