गुरुग्राम में नाव चलाने पर 50 हजार का चालान, Cars24 बोली- जुर्माना भरेंगे, जरूरत पड़ी तो फिर करेंगे मदद

0

गुरुग्राम, 12 अगस्त 2026 । गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद सड़कों पर हुए जलभराव के बीच Cars24 की नाव का मामला चर्चा में है। कंपनी ने जलभराव से प्रभावित सड़क पर अपनी ब्रांडिंग वाली नाव उतारी थी। इसका मकसद शुरुआत में शहर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था पर ध्यान खींचने वाला एक मार्केटिंग कैंपेन बताया गया, लेकिन देखते ही देखते यह नाव जलभराव में फंसे लोगों के लिए आने-जाने का साधन बन गई। इसके बाद ट्रैफिक अधिकारियों की ओर से कथित तौर पर 50 हजार रुपये का चालान किए जाने की बात सामने आई है।

कंपनी की ब्रांड, क्रिएटिव और कम्युनिकेशन प्रमुख प्राची शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, कंपनी ने बारिश और जलभराव पर व्यंग्यात्मक अंदाज में नाव उतारी थी, लेकिन जब लोगों को पानी के बीच रास्ता पार करने में परेशानी हुई तो उन्होंने नाव का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।

कानून तोड़ने पर चुकानी पड़ी कीमत

Cars 24 में ब्रांड, क्रिएटिव और कम्युनिकेशन की हेड प्राची शर्मा ने इसे लेकर लिंक्डइन पर पोस्टल लिखा है, 50000 रुपए। जिसमें उन्होंने लिखा है कि पिछले हफ्ते गुरुग्राम में कानून तोड़ने की हमें यही कीमत चुकानी पड़ी है। कंपनी ने जलभराव की समस्या पर मजाकिया लहजे में लोगों को आकर्षित करने के लिए गुरुग्राम की पानी से भरी सड़क पर नीले रंग की, ब्रांड के नाम वाली नाव उतारी थी।

गुरुग्राम के जलभराव पर फिर उठे सवाल

गुरुग्राम में बारिश के दौरान जलभराव लंबे समय से चिंता का विषय रहा है। सड़क पर नाव चलने की स्थिति ने इस समस्या को असामान्य तरीके से लोगों के सामने रखा। जहां कंपनी ने इसे पहले एक क्रिएटिव कैंपेन के तौर पर शुरू किया, वहीं बाद में यह जरूरतमंद लोगों के लिए मदद का माध्यम बन गया।

अब यह मामला सोशल मीडिया पर कानून और मानवीय मदद के बीच बहस का विषय भी बन गया है। एक ओर बिना अनुमति सार्वजनिक सड़क पर नाव चलाने को लेकर नियमों का सवाल है, तो दूसरी ओर जलभराव में फंसे लोगों की तत्काल मदद का मुद्दा भी सामने है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.