हूती विद्रोहियों का सऊदी जहाज पर मिसाइल हमला, लाल सागर में फिर बढ़ा तनाव

0

यमन , 11 अगस्त 2026 । लाल सागर और अदन की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा को लेकर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब से जुड़े एक जहाज को मिसाइल हमले में निशाना बनाने का दावा किया है। हाल के दिनों में सऊदी तेल टैंकरों और व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बीच इस हमले ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है।

यमन के हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को बाब अल-मंदेब स्ट्रेट में सऊदी से जुड़े जहाज पर मिसाइल हमला किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें 3 क्रू मेंबर मारे गए। इनमें 2 पाकिस्तानी और 1 इंडोनेशियाई नागरिक था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, तंजानिया के झंडे वाले इस जहाज का नाम ‘तिहामा’ था। यह ओमान के सलालाह पोर्ट से जिबूती जा रहा था।

हूती विद्रोहियों ने 20 जुलाई को सऊदी जहाजों की नाकाबंदी शुरू की थी। इसके बाद से वे रेड सी में सऊदी से जुड़े 8 जहाजों पर हमला कर चुके है। इनमें एनसिलिया, लायला, गजल और वफा जैसे जहाज शामिल हैं।

होर्मुज के बाद बाब अल-मंदेब में भी खतरा बढ़ा

यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से समुद्री कारोबार पहले ही दबाव में है। अब बाब अल-मंदेब में भी जहाजों पर हमले बढ़ रहे हैं। इससे शिपिंग कंपनियों की परेशानी और बढ़ गई है।

हूती विद्रोही रेड सी से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बना रहे हैं। रॉयटर्स के मुताबिक सऊदी जहाजों पर हूतियों के हमलों में यह पहली बार है, जब किसी की मौत हुई है।

हूतियों के हमलों का असर सऊदी अरब के तेल निर्यात पर भी पड़ा है। समुद्र में जहाजों की आवाजाही कम हुई है। सुरक्षा के डर से कई जहाज रेड सी और स्वेज नहर के रास्ते से बच रहे हैं।

लगातार हमलों से बढ़ी समुद्री सुरक्षा की चिंता

हाल के सप्ताहों में सऊदी तेल टैंकरों के अलावा भारतीय वाणिज्यिक जहाज पर भी हूती हमला सामने आया है। भारत के विदेश मंत्रालय ने 4 अगस्त को लाल सागर में भारतीय जहाज पर हुए हमले की निंदा की थी। इससे स्पष्ट है कि इस क्षेत्र में खतरा अब केवल किसी एक देश के जहाजों तक सीमित नहीं रह गया है।

कुल मिलाकर, सऊदी जहाज पर हूती मिसाइल हमले की घटना ने लाल सागर में बढ़ते सैन्य तनाव और समुद्री व्यापार की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आने वाले दिनों में सऊदी अरब की जवाबी कार्रवाई और हूती विद्रोहियों की अगली रणनीति पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.