चंडीगढ़/जींद, 03 अगस्त 2026 । रेल यात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है। हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना के बाद अब भारतीय रेलवे ने लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन को जींद तक विस्तार देने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से पंजाब और हरियाणा के हजारों दैनिक यात्रियों, छात्रों, कर्मचारियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। ट्रेन के विस्तार से दोनों राज्यों के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बनेगी।
यात्रियों को होगा बड़ा फायदा
यह ट्रेन फिलहाल केवल लुधियाना और जाखल के बीच संचालित होती थी। विस्तार के बाद ट्रेन की यात्रा दूरी 128 किलोमीटर से बढ़ कर 200 किलोमीटर हो जाएगी। रेलवे ने जाखल और जींद के बीच आने वाले सभी स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव देने का भी निर्णय लिया है। इससे मार्ग में पड़ने वाले शहरों और गांवों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी तथा रोजगारए शिक्षाए स्वास्थ्य और व्यापारिक केंद्रों तक पहुंच आसान होगी। इससे यात्रियों को अब जाखल में ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जिससे यात्रा अधिक सुविधाजनक और समय की बचत होगी।
रेलवे के इस निर्णय से जींद, जाखल, लुधियाना और मार्ग में पड़ने वाले अन्य स्टेशनों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। अब यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत कम पड़ेगी, जिससे समय और यात्रा खर्च दोनों की बचत होगी। स्थानीय व्यापार, शिक्षा और रोजगार से जुड़े लोगों के लिए भी यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रेलवे लगातार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न ट्रेनों के विस्तार, नई सेवाओं की शुरुआत और रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण पर काम कर रहा है। हाल ही में पर्यावरण-अनुकूल हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना को लेकर भी रेलवे की योजनाएं चर्चा में रही हैं। ऐसे में लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन का जींद तक विस्तार क्षेत्रीय रेल परिवहन को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
यात्रियों को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से यात्रा अधिक आसान होगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। रेलवे की ओर से जल्द ही विस्तारित सेवा का समय, संचालन तिथि और संशोधित टाइम-टेबल जारी किए जाने की संभावना है।