पटना, 30 जुलाई 2026 । बिहार सरकार ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जानकारी दी है कि राज्य में 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए संबंधित विभाग द्वारा बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना (Requisition) भेज दी गई है। अधियाचना प्राप्त होने के बाद अब भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी बीपीएससी के पास होगी।
कक्षा 11-12 के लिए 16,101 शिक्षकों की नियुक्ति
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।टीआरई-4 में सबसे अधिक कक्षा 11-12 के लिए 16,101 शिक्षकों की नियुक्ति होगी। जबकि कक्षा 6-8 के लिए 8,563 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा कक्षा 1-5 तक के 3,847 और कक्षा 9-10 के लिए 3,877 शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इस तरह से कुल 32,388 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होगी।
सरकार के अनुसार, इस भर्ती का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करना और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति होने से स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित नियमों और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत आयोजित की जाएगी।
बीपीएससी अधियाचना के आधार पर विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी करेगा, जिसमें पदों की संख्या, विषयवार रिक्तियां, पात्रता, आयु सीमा, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक सूचना जारी होने तक धैर्य रखें और केवल अधिकृत जानकारी पर ही भरोसा करें।
राज्य सरकार का कहना है कि नई नियुक्तियों से शिक्षा क्षेत्र में मानव संसाधन मजबूत होगा और सरकारी स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने का लक्ष्य भी पूरा होगा। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से हजारों अभ्यर्थियों के लिए सरकारी शिक्षक बनने का अवसर उपलब्ध होगा।