करंट से पिता-पुत्र की मौत पर भड़कीं विधायक केतकी सिंह
अधिकारियों को लगाई फटकार, कहा- 'यह तुम्हारे बाप का पैसा नहीं'
बलिया , 24 जुलाई 2026 । उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बांसडीह विधानसभा के शाहपुर सहपुरवा गांव में बिजली करंट लगने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचीं विधायक केतकी सिंह ने संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा, “यह तुम्हारे बाप का पैसा नहीं, जो मजे से उड़ा रहे।” उनका यह बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
घटनास्थल पर पहुंची भाजपा विधायक केतकी सिंह का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है, जिसमें अधिकारियों से कह रही है कि इन सबके टैक्स का पैसा है। मेरे बाप का पैसा नहीं है, तुम्हारे बाप का पैसा नहीं है। ये एसडीएम हैं, इनके बाप का पैसा नहीं है। ये इन सबके टैक्स का पैसा है। जिसको मजे से उड़ा रहे हैं। आज अगर इस गांव की बिजली की सारी समस्याएं खत्म नहीं हुईं तो कल बुलाऊंगी सबको यहीं पर। सारे खंभे का तार बदलिए, सबकुछ टाइट कराइए और सबको चेक कराइए। इस बच्ची का मुआवजा घर पहुंचाइए। प्रधानजी इस लड़की के सारे डॉक्यूमेंट हमें दीजिए, लखनऊ जा रही हूं, मुख्यमंत्री जी से बात करूंगी।
विधायक ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग की लापरवाही और समय पर आवश्यक कदम न उठाने के कारण यह दुखद घटना हुई। उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए कहा कि सार्वजनिक धन का उपयोग जनता की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए होना चाहिए, न कि लापरवाही के कारण लोगों की जान जोखिम में पड़े।
घटना में पिता और पुत्र की मौत के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने हालात को संभालने का प्रयास किया और मामले की जांच का आश्वासन दिया।
विधायक केतकी सिंह ने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बिजली व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े कार्यों में जवाबदेही तय करने पर जोर दिया ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल, प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों के साथ-साथ संभावित लापरवाही के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।