आधी रात बिजली व्यवस्था पर फूटा विधायक केतकी सिंह का गुस्सा
अधिकारियों से पूछा- 'घरों में सोने के लिए हैं क्या ये अफसर?'
बलिया , 18 जुलाई 2026 । उत्तर प्रदेश की बलिया में बांसडीह सीट से बीजेपी विधायक केतकी सिंह आधी रात बिजली आपूर्ति में आई बाधाओं को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों पर जमकर बरसीं। क्षेत्र में बिजली कटौती और उपभोक्ताओं की शिकायतों के बीच उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा, “घरों में सोने के लिए हैं क्या ये अफसर?” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के लोगों ने देर रात लगातार बिजली बाधित रहने की शिकायत विधायक से की थी। इसके बाद केतकी सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से तत्काल व्यवस्था बहाल करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
केतकी सिंह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक हैं और अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। इससे पहले भी वह कई स्थानीय मुद्दों पर अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाती रही हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि वह जनता की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहती हैं, जबकि विपक्ष इसे केवल राजनीतिक संदेश देने की कोशिश बता रहा है।
घटना के बाद बिजली विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है। प्रशासन का कहना है कि तकनीकी कारणों और शिकायतों की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
2017 में बीजेपी से की थी बगावत
आपको बता दें कि केतकी सिंह के पति शांत स्वरूप सिंह रेलवे में काम करते हैं। 2017 में बीजेपी और सुभासपा के गठबंधन के कारण उनको बांसडीह से टिकट नहीं मिला तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ गई थीं। उनको सपा के राम गोविंद चौधरी ने मात्र 1687 वोटों से हरा दिया था। 2022 चुनाव के समय केतकी सिंह की फिर बीजेपी में वापसी हुई। इस बार उन्होंने रामगोविंद चौधरी को 21134 वोटों के अंतर से हरा दिया।
तहसीलदार को बुलडोजर चलवाने पर लगाई थी फटकार
वर्ष 2022 में केतकी सिंह तब चर्चा में आई थीं जबि उन्होंने एक तहसीलदार को गरीब के घर पर बुलडोजर चलवाने के लिए फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा था कि दोबारा ऐसा होगा तो वह तहसील में आग लगा देंगी। केतकी सिंह अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने एक बार कहा था कि सरकार को मेडिकल कॉलेजों में मुस्लिमों के लिए अलग विंग बनवाना चाहिए। उनके इस बयान पर काफी विवाद हुआ था।