पटना, 09 जुलाई 2026 । बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने मिड-डे मील (PM POSHAN) योजना के तहत स्कूलों में परोसे जाने वाले भोजन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। नए निर्देशों के अनुसार, बैंगन, भिंडी और साग जैसी कुछ सब्जियों को मिड-डे मील के मेन्यू से हटा दिया गया है। विभाग का कहना है कि यह निर्णय भोजन की गुणवत्ता, पोषण मानकों, बच्चों की पसंद और भोजन की व्यावहारिकता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मिड डे मील में बैंगन, भिंडी, पत्ता गोभी और सभी प्रकार के साग पर रोक
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन (एमडीएम) उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा विभाग ने ये नई गाइडलाइन जारी की है। शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि मिड डे मील में बैंगन, भिंडी, पत्ता गोभी और सभी प्रकार के साग के उपयोग न करें। इन सब्जियों की जगह स्थानीय स्तर पर उपलब्ध ताजी, स्वच्छ और सुरक्षित मौसमी सब्जियों का उपयोग किया जाए, ताकि बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।
नई गाइडलाइन के तहत स्कूलों को निर्धारित मेन्यू का पालन करने और बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण संबंधी मानकों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मिड-डे मील योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना, कुपोषण को कम करना और स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाना है। इसलिए समय-समय पर स्थानीय परिस्थितियों और पोषण संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार मेन्यू में बदलाव किए जाते हैं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों को संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप भोजन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बच्चों को निर्धारित पोषण मानकों के अनुसार संतुलित आहार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।