देहरादून , 08 जुलाई 2026 । उत्तराखंड में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के उद्देश्य से भानियावाला–जॉलीग्रांट–ऋषिकेश सड़क परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद देहरादून से ऋषिकेश का सफर करीब 30 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और चारधाम यात्रा, पर्यटन तथा स्थानीय आवागमन को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
दावा है कि इस परियोजना से देहरादून, जॉलीग्रांट एयरपोर्ट और ऋषिकेश के बीच दूरी कम हो जाएगी। माना जा रहा है कि देहरादून से ऋषिकेश 30 मिनट में सफर पूरा हो जाएगा। हालांकि प्रोजेक्ट के तहत पेड़ों को भी काटा जा रहा है, जिसको लेकर सामाजिक संगठनों ने इसका विरोध भी शुरू कर दिया है।
इस परियोजना की खास बात यह है कि वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पांच एलीफेंट अंडरपास भी बनाए जाएंगे। इन अंडरपासों का उद्देश्य हाथियों और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है, ताकि सड़क निर्माण के बावजूद उनके प्राकृतिक आवागमन पर असर न पड़े और मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावना कम हो।
परियोजना के पूरा होने से जॉलीग्रांट एयरपोर्ट तक पहुंच भी अधिक सुगम होगी। इससे पर्यटकों, स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को तेज और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का कहना है कि आधुनिक सड़क अवसंरचना के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से सड़क निर्माण में वन्यजीव-अनुकूल सुविधाओं को शामिल किया गया है, ताकि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखा जा सके।