करनाल , 01 जुलाई 2026 । हरियाणा के करनाल जिले के निसिंग क्षेत्र में एक भावुक कर देने वाली घटना में पालतू डॉग ‘जिम्मी’ ने अपने मालिक की जान बचाने के लिए जहरीले कोबरा सांप का बहादुरी से सामना किया। बताया जा रहा है कि जैसे ही कोबरा घर के पास पहुंचा, जिम्मी तुरंत उसके सामने डट गई और मालिक तक सांप को पहुंचने नहीं दिया। करीब आठ मिनट तक चली इस संघर्ष में उसने पूरी ताकत से कोबरा को रोकने की कोशिश की।
जिम्मी ने सांप पर कर दिया हमला
सुमित ने बताया कि जैसे ही सांप ने फन फैलाया, जिम्मी ने सबसे पहले उस पर हमला कर दिया। उसने अपने पंजों और मुंह से कोबरा को रोकने की कोशिश की। इस दौरान सांप ने जिम्मी के मुंह और पंजे पर कई बार डंक मारा, लेकिन इसके बावजूद वह पीछे नहीं हटी। वहीं दूसरा कुत्ता मैक्स भी सांप के आसपास घूमता रहा और उसे आगे बढ़ने से रोकता रहा। कुछ ही मिनटों में सांप का जहर जिम्मी के शरीर में फैलने लगा। करीब आठ मिनट के भीतर उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई। इसी बीच सांप पास की दीवार के पास जाकर छिप गया।
संघर्ष के दौरान कोबरा ने जिम्मी को कई बार डंस लिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह तब तक पीछे नहीं हटी, जब तक मालिक सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंच गया। हालांकि जहरीले सांप के जहर का असर तेजी से बढ़ता गया और कुछ ही मिनटों बाद जिम्मी ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया और उसकी बहादुरी की हर कोई सराहना कर रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर इंसान और पालतू जानवर के बीच अटूट विश्वास और वफादारी की मिसाल पेश की है। स्थानीय लोग जिम्मी की बहादुरी को सलाम कर रहे हैं और उसे परिवार का सच्चा रक्षक बता रहे हैं। वहीं, वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से सांप दिखाई देने पर खुद जोखिम उठाने के बजाय तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना देने की अपील की है।