यूपी के ओबीसी युवाओं के लिए बड़ी पहल, अब कंप्यूटर के साथ मिलेगी AI की ट्रेनिंग
लखनऊ, 27 जून् 2026 । उत्तर प्रदेश सरकार अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के युवाओं को बदलते डिजिटल दौर के अनुरूप नई तकनीकों से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार की योजना के तहत पारंपरिक कंप्यूटर प्रशिक्षण के साथ अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग भी दी जाएगी, ताकि युवाओं को भविष्य की तकनीकों में दक्ष बनाया जा सके और उन्हें बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
छात्र-छात्राओं को एआई ट्रेनिंग भी दी जाएगी
पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि विभाग की ओर से अभी ओबीसी छात्र-छात्राओं को मुफ्त कम्प्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थियों को ‘ओ लेवल’ और ‘ट्रिपल सी’ के कोर्स करवाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में सिर्फ कंप्यूटर प्रशिक्षण ही पर्याप्त नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए ओबीसी छात्र-छात्राओं को कम्प्यूटर के साथ एआई की भी ट्रेनिंग दिए जाने की तैयारी की गई है।
इस योजना का उद्देश्य युवाओं को केवल बेसिक कंप्यूटर ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें AI, डिजिटल टूल्स, डेटा आधारित तकनीकों और आधुनिक आईटी कौशल से लैस करना है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को कंप्यूटर संचालन, डिजिटल एप्लिकेशन, AI के मूल सिद्धांत, स्मार्ट तकनीकों का उपयोग और उद्योगों में AI के बढ़ते इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।
सरकार का मानना है कि आज के समय में AI आधारित कौशल की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में ओबीसी वर्ग के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें निजी क्षेत्र, स्टार्टअप, आईटी कंपनियों और डिजिटल सेवाओं से जुड़े रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा। साथ ही स्वरोजगार और ऑनलाइन कार्य के नए अवसरों तक भी उनकी पहुंच आसान होगी।
यह पहल राज्य में डिजिटल स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि योजना प्रभावी ढंग से लागू होती है, तो इससे हजारों युवाओं की रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है।