देहरादून, 20 जून् 2026 । उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से उत्तराखंड में प्रतिबंधित mz कैप्सूल की तस्करी हो रही थी। प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्मा स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह लंबे समय से प्रतिबंधित कैप्सूल और नियंत्रित दवाओं की अवैध बिक्री कर भारी मुनाफा कमा रहा था। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध दवाएं और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी बिना वैध अनुमति के ऐसे कैप्सूल बेच रहा था, जिनकी बिक्री और वितरण पर सख्त नियम लागू हैं। गुप्त सूचना के आधार पर STF ने छापा मारकर स्टोर की तलाशी ली, जहां से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच में दवा आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग भी मिले हैं।
11 मई को हरिद्वार के मंगलोर क्षेत्र से 18 हजार प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद होने के बाद जांच एजेंसियों ने पड़ताल शुरू कर दी थी। इस मामले में मंगरोल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मिले तकनीकी और दस्तावेजी साक्षो से पता चला कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से संचालित हो रहे श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर के माध्यम से बड़ी संख्या में कैप्सूल उत्तराखंड में सप्लाई हो रहे थे।
STF ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही ड्रग विभाग और अन्य एजेंसियों को भी जांच में शामिल किया गया है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
यह कार्रवाई प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी दवा का सेवन न करें और संदिग्ध दवा कारोबार की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।